मनचले की छेड़खानी से 11वीं की छात्रा ने छोड़ा स्कूल, जबरन शादी का बना रहा दबाव - न्याय न मिला तो आत्मदाह की चेतावनी, थाना दादों क्षेत्र का मामला

Aligarh Media Desk

अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। थाना दादों इलाके में एक नाबालिग छात्रा के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोप है कि इलाके के एक मनचले युवक की हरकतों से परेशान होकर 11वीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा ने स्कूल जाना बंद कर दिया है।

परिजनों के अनुसार आरोपी युवक पिछले कई दिनों से छात्रा का पीछा कर रहा है, रास्ते में छेड़खानी करता है और जबरन शादी करने का दबाव बना रहा है। छात्रा के विरोध करने पर उसे धमकियां भी दी जा रही हैं। डर और मानसिक परेशानी के चलते छात्रा अब स्कूल जाने से भी कतरा रही है, जिससे उसकी पढ़ाई बाधित हो रही है।


पीड़िता और उसके परिजनों ने थाना दादों में शिकायत देकर न्याय की गुहार लगाई है। परिजनों का आरोप है कि शिकायत के बाद भी अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। कार्रवाई न होने से आहत किशोरी ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द न्याय नहीं मिला तो वह आत्मदाह करने को मजबूर होगी।

पीड़िता नाबालिग है इसलिए उसकी पहचान गोपनीय रखी गई है। पुलिस से मामले में पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में कार्रवाई कर पीड़िता को सुरक्षा देने की मांग की गई है।


वहीं क्षेत्राधिकारी छर्रा श्री गर्वित सिंह द्वारा ने वीडियो जारी करके बताया हैं कि एक प्रकरण संज्ञान में आया है जिसमें छात्रा द्वारा बताया गया है कि उसने छेड़खानी के डर से स्कूल जाना छोड़ दिया है। उक्त प्रकरण की जाँच की गई तो ज्ञात हुआ कि छात्रा द्वारा जिस युवक पर आरोप लगाये जा रहे हैं वह उसी के परिवार का भाई लगता है। छात्रा के परिवार का घेर व विपक्षी का घर आपस में जुड़े हुए हैं व दिनांक 03.09.26 को गोबर डालने को लेकर दोनों पक्षों में महिलाओं में आपस में विवाद हुआ था जिसका वीडियो भी स्थानीय पुलिस को प्राप्त हुआ है । वर्तमान में पुलिस द्वारा प्रकरण की और गहनता से जाँच की जा रही है । जाँचोपरान्त अग्रिम विधिक कार्यवाही अमल में लाई जायेगी