गणेश जी को श्रद्धा से लाते हैं, तो विदाई भी सम्मान से होनी चाहिए, पेंटिंग के जरिए संदेश

Aligarh Media Desk

अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। गणेश उत्सव में हर घर में भगवान गणेश का स्वागत बड़ी श्रद्धा से होता है। 10 दिनों तक पूजा, आरती, भोग और सुख-समृद्धि की कामना की जाती है। लेकिन विसर्जन के बाद एक तस्वीर अक्सर मन को विचलित कर देती है - नदी, तालाब के किनारे बिखरे गणेश प्रतिमा के टूटे हुए अंग। इसी सवाल को कला के जरिए समाज के सामने ला रही हैं सोशल आर्टिस्ट लक्ष्मी।

लक्ष्मी की पेंटिंग में दो दृश्य हैं। एक तरफ पूरे श्रृंगार के साथ पूजे जा रहे गणेश जी हैं और दूसरी तरफ विसर्जन के बाद पानी में बिखरे प्रतिमा के अवशेष। यह सिर्फ एक पेंटिंग नहीं, बल्कि हर श्रद्धालु से पूछा गया एक सवाल है कि - जिस गणेश जी के सामने हमने सिर झुकाया, क्या विसर्जन के बाद उन्हें यूं ही छोड़ देना सही है?


पूजा विदाई तक है जिम्मेदारी

सोशल आर्टिस्ट लक्ष्मी कहती हैं, "भगवान की पूजा सिर्फ उन्हें घर लाने तक सीमित नहीं है। उनकी विदाई तक हमारी जिम्मेदारी है। अगर हम उन्हें भगवान मानते हैं तो विसर्जन के बाद उनकी दुर्दशा को देखकर हमें संवेदनशील होना पड़ेगा।"

लक्ष्मी एक सोशल आर्टिस्ट के रूप में समाज में दिखने वाले मुद्दों को अपनी कला के माध्यम से उठाती हैं। उनका मानना है कि कला सिर्फ सुंदरता दिखाने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज को आईना दिखाने का भी माध्यम है।


समाधान क्या है?

लक्ष्मी के अनुसार इस समस्या का समाधान परंपरा को रोकने में नहीं, बल्कि उसे और सुंदर और पर्यावरण के अनुकूल बनाने में है।


1. इको-फ्रेंडली गणेश: छोटी प्रतिमाओं के लिए प्राकृतिक मिट्टी से बने गणेश जी को बढ़ावा दिया जाए, जो पानी में आसानी से घुल जाएं और जलस्रोतों को नुकसान न पहुंचाएं।

2. व्यवस्थित विसर्जन: बड़ी प्रतिमाओं के लिए प्रशासन द्वारा प्रॉपर और निर्धारित विसर्जन व्यवस्था होनी चाहिए, ताकि अवशेष इधर-उधर न बिखरें।

3. निर्माल्य का प्रबंधन: पूजा सामग्री को अलग एकत्र कर उसका उचित निस्तारण किया जाना चाहिए।


पेंटिंग का संदेश

गणेश जी को श्रद्धा से घर लाइए,

प्रेम और सम्मान से विदा कीजिए।

आस्था भी बचाइए, प्रकृति भी बचाइए।