अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। अलीगढ़ में शिक्षक दिवस के अवसर पर एक प्रेरणादायक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नौरंगाबाद छावनी स्थित प्राथमिक बालक विद्यालय संख्या-56 में आयोजित इस समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पूर्व विधायक विवेक बंसल ने शिक्षकों को सम्मानित कर उनका आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम की शुरुआत पूर्व राष्ट्रपति भारत रत्न स्वर्गीय डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन जी के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन करने के साथ हुई।
शिक्षकों का किया गया भव्य सम्मान
इस गौरवमयी अवसर पर पूर्व विधायक विवेक बंसल ने विद्यालय के शिक्षकों श्री राजीव कुमार सिंह, श्रीमती डॉली और श्री डालचंद शर्मा को शॉल ओढ़ाकर, माल्यार्पण कर, स्मृति चिन्ह और पर्यावरण के प्रतीक तुलसी के पौधे भेंट कर सम्मानित किया।
प्राथमिक शिक्षा है जीवन की नींव - विवेक बंसल
समारोह को संबोधित करते हुए विवेक बंसल ने कहा -
"जिस प्रकार किसी बड़ी इमारत की मजबूती उसकी नींव पर टिकी होती है, ठीक उसी प्रकार छात्र-छात्राओं के जीवन में प्राथमिक शिक्षा और उन्हें गढ़ने वाले शिक्षकों का स्थान सबसे महत्वपूर्ण है। विद्यार्थियों के भविष्य को मजबूती प्रदान करने का बुनियादी काम प्राथमिक शिक्षक ही करते हैं, जिसके बल पर आगे चलकर छात्र उच्च शिक्षा ग्रहण करते हैं और देश का नाम रोशन करते हैं।"
विद्यालय की समस्या सुनी, समाधान का दिया आश्वासन
कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय के शिक्षकों ने अपनी प्रमुख समस्या से पूर्व विधायक को अवगत कराया। शिक्षकों ने बताया कि विद्यालय में कुल पांच कक्षाएं संचालित होती हैं, लेकिन बैठने के लिए कमरे सिर्फ दो ही उपलब्ध हैं। इससे शिक्षकों और छात्र-छात्राओं को भारी परेशानी होती है और शिक्षा की गुणवत्ता भी प्रभावित हो रही है।
समस्या को गंभीरता से सुनते हुए विवेक बंसल ने आश्वस्त किया कि वे इस मामले को लेकर शिक्षा विभाग के उच्च अधिकारियों से संपर्क करेंगे और विद्यालय में नए कमरों के निर्माण व स्थाई समाधान का पूरा प्रयास करेंगे।
ये गणमान्य लोग रहे उपस्थित
इस अवसर पर मुख्य रूप से पूरनचंद देशमुख, वेद प्रकाश, राजेंद्र सिंह नेताजी, संतोष नौटियाल, कैलाश वाल्मीकि, डूंगर सिंह, डॉ. शेरपाल सिंह सविता, भूपेन्द्र प्रताप सिंह, बिरजू जाटव, शिवम शर्मा, अखिल कुमार, विनीश तौमर, नरेंद्र मिश्रा, अर्जुन दिवाकर, अंकित गौतम सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

