जनता से वित्तपोषित, UPI, PhonePe, और PayTM: 9219129243

प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा ने निर्माणाधीन राजा महेन्द्र प्रताप सिह राज्य विश्वविद्यालय का किया निरीक्षण

0

अलीगढ़ मीडिया डॉट कॉम, अलीगढ़7सितम्बर(सूवि) । मा.मुख्यमंत्री जी की प्राथमिकता वाली महत्वकांक्षी परियोजना राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय का प्रमुख सचिव उच्च शिक्षा सुधीर महादेव बोबडे द्वारा निर्माण कार्याे का स्थलीय सत्यापन किया गया। प्रमुख सचिव ने कार्यदायी संस्था को निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने निर्देशित किया कि परियोजना निर्माण में पहले से ही काफी विलंब हो चुका है, डबल शिफ्ट में कार्य आरंभ किया जाए। यदि निर्धारित अवधि मई 2023 तक कार्य पूरा नहीं होता है तो इसे कार्यदाई संस्था की लापरवाही मानते हुए दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार भ्रष्टाचार एवं लापरवाही पर जीरो टॉलरेंस के तहत कार्य कर रही है। इस बात को ध्यान में रखते हुए मानव श्रम, तकनीक व मशीनों का प्रयोग कर युद्ध स्तर पर कार्य कराए जाएं। निर्माण कार्य में गुणवत्ता मानक एवं समय का विशेष ध्यान रखा जाए।

      प्रमुख सचिव सुधीर महादेव बोबड़े शासन के निर्देश पर बुधवार को खैर रोड लोधा पर निर्माणाधीन परियोजना राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज विश्वविद्यालय के निर्माण कार्यों की असलियत जानने पहुंचे थे। राज्य विश्वविद्यालय के स्थलीय निरीक्षण के उपरांत उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार युवाओं के उज्जवल भविष्य एवं शिक्षा के प्रति संवेदनशील है। प्रदेश में राज्य विश्वविद्यालयों में चल रहे निर्माण कार्य को गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्धता के साथ पूरा कराने के लिए शासन के निर्देशानुसार भ्रमण स्थलीय सत्यापन किया जा रहा है। राज्य विश्वविद्यालय निरीक्षण के उपरांत पाया गया कि वर्तमान में कार्य प्रगति पर है। मानव श्रम तकनीक एवं मशीनों का प्रयोग कर कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए हैं। कार्यदायी संस्था द्वारा बताया गया कि आज से वह दो गुनी क्षमता के साथ दो शिफ़्ट में निर्माण कार्य कराएंगे। ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरा हो। प्रमुख सचिव ने जिला अधिकारी को निर्देशित किया कि वह निर्माण कार्य पर निरंतर निगाह बनाए रखें और समय-समय पर निरीक्षण सत्यापन भी करते रहें। उन्होंने कहा कि हर हालत में निर्माण कार्य मई 2023 तक पूरा करना है। उन्होंने यह भी बताया कि संस्था द्वारा आश्वस्त किया गया है कि वह शासन की मंशा के अनुरूप समय के साथ कार्य पूरा करेंगे।

     प्रमुख सचिव सुधीर महादेव बोबडे ने एस ई पीडब्ल्यूडी को निर्देशित किया कि वह धन आवंटन के सापेक्ष अब तक सदुपयोग में लाएगी धनराशि का उपयोगिता प्रमाण पत्र प्रेषित कराएं ताकि अगली किस्त जारी हो सके। यदि किसी प्रकार की कोई समस्या है तो अवगत कराया जाए। राज्य विश्वविद्यालय के स्थलीय निरीक्षण के उपरांत प्रमुख सचिव द्वारा अधिकारियों के साथ बैठक भी की गई। बैठक में बताया गया कि प्रथम चरण में 22 एकड़ में 101.41 करोड़ की लागत से ईश्वर सिंह एंड एसोसिएट कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा प्रशासनिक भवन व पुस्तकालय, दो छात्रावास, सुविधा केंद्र, उप कुलपति आवास, 3आवासीय भवन, सड़क, चाहरदीवारी, गार्ड रूम एवं पुलिस चौकी, विद्युत स्टेशन का निर्माण कार्य कराया जाना है। अब तक 23 करोड़ 96 लाख का व्यय हो चुका है। विभिन्न कारणों से कार्य की प्रगति काफी धीमी रही। परंतु आगे दो शिफ्टों में कार्य कराया जाएगा। प्रमुख सचिव ने कहा कि वह बीच-बीच में आकर कार्य की गुणवत्ता एवं समयबद्धता का आकलन करते रहेंगे। जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने बताया कि समय-समय पर निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया जा रहा है। 

     प्रमुख सचिव सुधीर महादेव बोबड़े द्वारा बैठक के दौरान राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय में स्वीकृत पदों के सापेक्ष स्टाफ की तैनाती एवं अन्य जानकारियों पर भी उप कुलपति एवं रजिस्ट्रार से जानकारी प्राप्त की गई। इस संबंध में रजिस्ट्रार महेश कुमार ने परीक्षा शुल्क से संबंधित पत्र भी प्रमुख सचिव के सम्मुख रखा। उन्होंने क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी रेखा तिवारी से मंडल भर में उच्च शिक्षा विभाग के निर्माण कार्यों के बारे में भी विस्तार से जानकारी प्राप्त कर कार्य पर निगाह रखने के निर्देश दिए। उन्होंने उच्च शिक्षा विभाग के विश्वविद्यालयों की नैक ग्रेडिंग की तरफ भी क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी को ध्यान दिए जाने के निर्देश दिए।

    राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय के स्थलीय निरीक्षण एवं बैठक के दौरान उपकुलपति चंद्रशेखर, जिला अधिकारी इंद्र विक्रम सिंह, एडीएम प्रशासन डीपी पाल, नगर मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार वर्मा, एसपी ट्रैफिक मुकेश कुमार उत्तम, उप जिलाधिकारी कोल संजीव ओझा, रजिस्ट्रार महेश कुमार, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी रेखा तिवारी, एस ई एमएच सिद्दीकी, समेत अन्य अभियंता एवं अधिकारीगण उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)