जनता से वित्तपोषित, UPI, PhonePe, और PayTM: 9219129243

अच्छी खबर 2023| पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के 1000 बच्चों को आवासीय सुविधा सहित मिलेगी शिक्षा

0

अलीगढ मीडिया डॉट कॉम, अलीगढ़| प्रमुख सचिव कारागार, नागरिक सुरक्षा एवं राजनीतिक पेंशन राजेश कुमार सिंह ने अपने दो दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम में शुक्रवार को अटल आवासीय विद्यालय टमकौली का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि बच्चे एक समान होते हैं, निर्माण श्रमिकों के बच्चों को भी बेहतर सुविधा के साथ शिक्षा मिले। प्रदेश के मुख्यमंत्री जी इस दिशा में काफी गंभीर हैं। प्रदेश के सभी मंडलों में अटल आवासीय विद्यालयों का निर्माण पूरी क्षमता के साथ कराया जा रहा है, ताकि आगामी शिक्षा सत्र में विद्यालय का संचालन सम्भव हो सके। उन्होंने कार्यदाई संस्था मनीषा प्रोजेक्ट को निर्देशित किया कि मार्च माह के अंत तक भवन का निर्माण सुनिश्चित करें। इस पर मनीषा प्रोजेक्ट से इंजीनियर ने 15 अप्रैल तक निर्माण कार्य पूर्ण किये जाने का आश्वासन दिया।


    विदित हो कि पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के बच्चों को रहने खाने की सुविधा के साथ ही कक्षा 6 से 12 तक की निःशुल्क शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा अटल आवासीय विद्यालयों विद्यालय का निर्माण जनपद की तहसील गभाना के टमकौली में किया जा रहा है। अटल आवासीय विद्यालय के निर्माण की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए प्रदेश शासन द्वारा पैनी निगाह रखी जा रही है। निर्माण के दौरान समय-समय पर मा0 श्रम सेवायोजन मंत्री मनोहर लाल कोरी, अध्यक्ष श्रम एवं सन्निर्माण बोर्ड ठा0 रघुराज सिंह, सचिव बोर्ड निशा आनंद, श्रमायुक्त शकुंतला गौतम के साथ स्थानीय स्तर पर मंडलायुक्त एवं जिलाधिकारी द्वारा लगातार निरीक्षण किए जाते रहे हैं।


    प्रदेश के प्रमुख सचिव कारागार नागरिक सुरक्षा एवं राजनीतिक पेंशन राजेश कुमार सिंह द्वारा शुक्रवार को अटल आवासीय विद्यालय का निरीक्षण किया गया। उन्होंने पाया कि मनीषा कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा निर्माण कार्य तेजी के साथ किया जा रहा है। अब तक 69 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। एकेडमिक ब्लॉक में सर्वाधिक 85 प्रतिशत कार्य पूर्ण हुआ है। बॉयज एवं गर्ल्स हॉस्टल का क्रमशः 64 एवं 68 प्रतिशत कार्य होना पाया गया। प्रधानाचार्य आवास में 75 प्रतिशत एवं आवासीय भवनों में 35 से 10 फीसद ही कार्य हुआ है।


     जिलाधिकारी इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि 13.58 एकड़ में स्वीकृत लागत 72.40 करोड के सापेक्ष 59.49 करोड़ से मनीषा प्रोजेक्ट द्वारा कार्य किया जा रहा है। निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए लोक निर्माण विभाग विश्व बैंक द्वारा पैनी नजर रखी जा रही है। समय-समय पर उनके द्वारा भी निरीक्षण किया जा रहा है। अपरिहार्य कारणों से प्रोजेक्ट में 9 माह देरी के चलते अनुबंध के आधार पर 1 करोड़ 48 लाख 73 हजार का अर्थदंड कार्यदायी संस्था पर आरोपित किया जा चुका है।


    डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने बताया कि अटल आवासीय विद्यालय 1000 लड़के-लड़कियों के रहने खाने के साथ अध्ययन की क्षमता वाला विद्यालय है। इसमें पंजीकृत निर्माण श्रमिकों के साथ ही अनाथ बच्चों को कक्षा 6 से 12 तक की शिक्षा ग्रहण कराई जाएगी। डीएलसी सियाराम ने बताया कि मंडल में 420693 पंजीकृत निर्माण श्रमिक है। उन्होंने बताया कि अलीगढ़ में 172870, एटा में 90330, हाथरस में 89580 एवं कासगंज में 67913 पंजीकृत निर्माण श्रमिक हैं। अभिलेखीय जानकारी के अनुसार पंजीकृत श्रमिकों के 9 से 15 वर्ष आयु के 28103 बच्चे हैं, जिन्हें परीक्षा के आधार पर चिन्हांकन कर 1000 हजार बच्चों को चिन्हित कर शिक्षा प्राप्त कराई जाएगी। अटल आवासीय विद्यालय में 27 कक्षा-कक्षों के साथ लाइब्रेरी, कॉन्फ्रेंस रूम, ऑडिटोरियम, प्रैक्टिकल लैबोरेट्री, खेलने के लिए फुटबॉल कोर्ट, बॉयज एवं गर्ल्स हॉस्टल एवं अतिथि गृह का निर्माण कराया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी गभाना के. बी. सिंह, पुलिस क्षेत्राधिकारी सुमन, अधिशासी अभियंता इंद्रपाल सिंह, सहायक अभियंता अरविंद कुमार, सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार मनीषा प्रोजेक्ट से इंजीनियर आदित्य त्यागी उपस्थित रहे

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)