डीएम-सीडीओ ने जिला क्षय रोग निवारण कार्यक्रम की समीक्षा, राज्यपाल का आगमन प्रस्तावित

Aligarh Media Desk
0


18 जुलाई को मा0 राज्यपाल महोदया का जनपद आगमन प्रस्तावित

निरीक्षण के साथ ही सम्पूर्ण टीबी निवारण कार्यक्रम की विभिन्न गतिविधियों का लेंगी जायजा

अलीगढ मीडिया न्यूज़ ब्यूरो, अलीगढ 09 जून 2023 (सू0वि0) जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला क्षय रोग निवारण कार्यक्रम की समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि क्षय रोग घातक अवश्य होता है परंतु लाइलाज नहीं है। रोगियों के लिए दवा के साथ प्रोटीन युक्त पोषक आहार का सेवन अनिवार्य किया गया है। उन्होंने चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ को निर्देशित किया कि टीबी ग्रसित मरीजों को समय पर दवाई लेने एवं स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने के लिए निरंतर समझाया जाए। इसके साथ ही बीमार व्यक्ति को भावनात्मक सहयोग भी किया जाए।


प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत बैठक करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि माननीय राज्यपाल महोदय का 18 जुलाई को जनपद में आगमन हो रहा है। उनके द्वारा आंगनवाड़ी केंद्रों का निरीक्षण किया जाएगा। इसके साथ ही गोद लिए गए मरीजों की हालत में सुधार, पोषण किट्स वितरण के बारे में भी जानकारी प्राप्त की जाएगी। घरों में दवा ले रहे मरीजों से फोन के माध्यम से भी उनकी सेहत, पौष्टिक किट्स वितरण, आहार भत्ता के बारे में पूछा जा सकता है। इसके साथ ही सम्पूर्ण टीबी निवारण कार्यक्रम की समीक्षा एवं किट वितरण का कार्यक्रम भी प्रस्तावित है।


सीडीओ आकांक्षा राना ने जिला क्षय रोग अधिकारी अनुपम भास्कर को निर्देशित किया कि मा0 राज्यपाल महोदया के प्रस्तावित आगमन के दृष्टिगत सभी प्रकार की तैयारियां समय से पूर्ण कर ली जाएं। उन्होंने निर्देशित किया कि स्वयंसेवी संस्थाएं मरीजों को अधिकाधिक और समय से पोषण किट का वितरण सुनिश्चित करें। जिला क्षय रोग अधिकारी डा0 अनुपम भास्कर ने बताया कि जनपद में 8054 मरीज इलाज ले रहे हैं जिसमें से 4203 मरीज गोद लिए गये हैं। एनजीओ दायित्व फाउण्डेशन द्वारा 151 मरीजों को गोद लिया गया है। उनके द्वारा 17 जून को 100 और मरीज गोद लेना प्रस्तावित है। संस्था को निर्देशित किया गया कि वह प्रतिमाह पौष्टिक किट का वितरण सुनिश्चित कराते हुए रजिस्टर भी तैयार करें।


एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)