Header Ads Widget

Responsive Advertisement

अलीगढ मंडल से 160 होमगार्डस को मध्य प्रदेश के लिए किया रवाना, विधानसभा चुनाव में निभाएंगे अहम भूमिका



दुर्घटना में मृत होमगार्ड विजेंद्र के आश्रित जगनेश देवी को 30 लाख की सहायता राशि का चैक सौंपा

प्रदेश भर से 16000 होमगार्ड्स और मंडल भर से 680 होमगार्डस मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में निभाएंगे अहम भूमिका


अलीगढ मीडिया डॉट कॉम, अलीगढ़ | आयुक्त अलीगढ़ मंडल अलीगढ़ रविन्द्र ने सोमवार को होमगार्ड के जवानों के एक दल को कमिश्नरी कार्यालय से हरी झंडी दिखाकर मध्य प्रदेश के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उन्होंने दुर्घटना में मृत होमगार्ड विजेंद्र सिंह की आश्रित जगनेश देवी को 30 लाख की सहायता राशि का चेक भी प्रदान किया। ज्ञातव्य रहे कि मध्य प्रदेश में 17 नवंबर से विधानसभा सामान्य निर्वाचन के लिए विभिन्न दिवसों में मतदान कराए जाएंगे। एमपी के चुनाव में उत्तर प्रदेश से 16000 होमगार्ड स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान में अहम भूमिका निभाएंगे। सोमवार को 160 जवानों की एक टुकड़ी को चार बसों के माध्यम से मध्य प्रदेश के लिए रवाना किया गया। मंडल आयुक्त रविन्द्र ने सोमवार को हरी झंडी दिखाकर गृह रक्षक जवानों को मध्य प्रदेश के लिए रवाना किया। होमगार्डस की रवानगी से पूर्व मंडल आयुक्त ने सभी जवानों को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण मतदान के लिए शपथ भी दिलाई।


   डिवीजनल कमांडेंट संदीप सिंह ने बताया कि प्रदेश भर से 16000 जवान, तो वहीं समूचे अलीगढ़ मंडल से 680 होमगार्ड मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनाव में अपनी अहम भूमिका निभाएंगे। इसके लिए संबंधित जिला कमांडेंट द्वारा अच्छे रिकार्ड वाले होमगार्ड्स का सिलेक्शन कर उन्हें मध्य प्रदेश जाने के लिए तैयार किया गया है। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश चुनाव संपन्न करने के लिए युवा गृह रक्षकों का चयन कर विधानसभा चुनाव के लिए भेजा जा रहा है। मध्य प्रदेश पहुंचने पर हमारे होमगार्ड्स वहां के अधिकारियों के साथ समन्वय स्थापित कर सामान्य निर्वाचन 2023 में अपना अहम योगदान देंगे। उन्होंने बताया कि सभी होमगार्ड्स को पहचान पत्र दिए गए हैं। होमगार्डस के जवानों को इसके लिए विशेष प्रशिक्षण भी दिया गया है। उन्होंने बताया कि अलीगढ़ से 160, हाथरस से 120, एटा से 200 और कासगंज से 320 जवान मध्य प्रदेश भेजे गए हैं। उन्होंने बताया कि ड्यूटी के दौरान यदि कोई अप्रिय स्थिति उत्पन्न होती है तो संबंधित होमगार्ड के आश्रित को बीमा कवर का लाभ प्रदान किया जाएगा। जवानों की सुविधा का ध्यान रखते हुए 52 सीटर बसों में 40 जवानों को मध्य प्रदेश के लिए रवाना किया गया है।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ