सेवा, सुरक्षा और सुशासन के 08 वर्ष पूर्ण होने पर महिला सशक्तीकरण गोष्ठी का हुआ आयोजन

Aligarh Media Desk
0

अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ|  सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति पर आधारित केंद्र सरकार के 10 वर्ष और प्रदेश सरकार के 8 वर्ष का सफल कार्यकाल पूर्ण होने के अवसर पर कल्याण सिंह हैबिटैट सेंटर में आयोजित तीन दिवसीय समारोह के द्वितीय दिवस के द्वितीय सत्र में जिलास्तरीय स्काउट गाइड प्रशिक्षण कार्यशाला, मिशन जागृति सहित महिला सशक्तीकरण गोष्ठी का आयोजन किया गया। मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती विजय सिंह द्वारा कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया गया।


मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती विजय सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि मोदी जी मार्गदर्शन में और योगी जी के नेतृत्व में प्रदेश में महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलम्बन को बढ़ावा दिया गया है। बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ केवल एक अभिया नही नहीं संकल्प भी है, इससे न जाने कितनी बालिकाओं को दुनियां में जन्म लेने का अवसर मिला है। महिलाएं सशक्त और सुरक्षित हुई हैं। महिलाएं प्रत्येक क्षेत्र में सौंपी गई जिम्मेदारियों का बखूबी निर्वहन करती हैं। महिलाएं कन्या, नारी और मातृशक्ति तीनों रूपों में ही पूज्यनीय है। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं से आव्हान किया कि अपनी रूचि के अनुसार क्षेत्र का चयन कर उसमें आगे बढ़ें।


एसपी क्राइम ममता कुरील ने कहा कि सुरक्षा करना हमारा दायित्व है। 17 अप्रैल से 16 मई तक मिशन जागृति फेज-5 आरम्भ हो रहा है, जिसमें महिलाओं व बच्चों के साथ हो रहे अपराध, बंचित वर्ग को न्याय, पति-पत्नी के आपसी विवाद को परिवार परामर्श केंद्र से सुलझाना, नशामुक्ति, साइबर क्राइम समेत अन्य बिन्दुओं पर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। उन्होंने महिलाओं एवं बालिकाओं को साइबर क्राइम के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि अंजान नम्बरों की कॉल उठाने से बचें, अपने सोशल मीडिया एकाउंट में प्राइवेसी लगाएं और साइबर ठगी का शिकार होने पर तुरंत 1930 पर कॉल करें। उन्होंने इसके साथ ही 1090, 1076 व 1098 जैसे आपातकालीन नम्बरों का भी आवश्यकतानुरूप उपयोग करने की बात कही।


डायरेक्टर इग्नू डा0 अजयवर्धन आचार्य ने इग्नू द्वारा संचालित रोजगारपरक एवं कौशल विकास पाठ्यक्रमों की जानकारी देते हुए बताया कि शिक्षा के साथ प्रशिक्षण और कौशल विकास जरूरी है। इग्नू को नैक ए प्लस प्लस ग्रेड प्राप्त है और इसके कोर्स पूरे विश्व में मान्य हैं। उन्होंने महिलाओं व युवाओं से पर्यटन, आपदा प्रबंधन, उद्योग, खाद्य प्रसंस्करण, ज्योतिष व वास्तु समेत अन्य पाठ्यक्रमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। पीडी भाल चन्द त्रिपाठी ने मानसिक स्वास्थ्य पर बड़े की रोचक व सहज ढ़ंग से अपना व्याख्यान प्रस्तुत किया।


व्यायाम प्रशिक्षक सुशील कुमार ने बताया कि स्काउड गाइड केवल स्कूली छात्र-छात्राओं या अध्यापकों के लिए ही नहीं है। इसमें आमजन भी अपना ग्रुप बनाकर अपने मौहल्ले में आरम्भ कर सकते हैं। स्काउट गाइड विभिन्न आपदाओं के समय उपयोगी साबित होते हैं और जनहानि को बढ़ने से रोकते हैं।


कार्यक्रम में कस्तूरबा गॉधी आवासीय विद्यालय नगर क्षेत्र की छात्राओं द्वारा स्वागत गीत एवं नारी शक्ति है तू, कवियत्री डा0 संगीता राज ने नारी तू नारायणी है की मंत्रमुग्ध प्रस्तुति दी। इस अवसर पर सीडीपीओ आशा त्रिपाठी द्वारा विभाग द्वारा संचालित गतिविधियों की विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में बीएसए राकेश कुमार सिंह, डीपीओ कृष्ण कान्त राय, जिला गाइड कैप्टन कुमकुम, समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।


कल्याण सिंह हैबीटेट सेंटर में केंद्र व प्रदेश सरकार की उपलब्धियों पर कवि सम्मेलन का हुआ आयोजन


अलीगढ़ 26 मार्च 2025 (सू0वि0): सेवा, सुरक्षा और सुशासन की नीति पर आधारित केंद्र सरकार के 10 वर्ष और प्रदेश सरकार के 8 वर्ष के सफल कार्यकाल के पूरे होने के अवसर पर कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में कवि सम्मेलन आयोजित किया गया।


      संस्कृति विभाग द्वारा भेजे गए एवं लखनऊ से पधारे वरिष्ठ कवि डॉ0अतुल बाजपेई ने श्रीराम वंदना करते हुए भगवान राम की महिमा उनके वाह्य एवं आंतरिक सौंदर्य का वर्णन करते हुए कविता पाठ किया। बल बुद्धि पराक्रम के सागर जिनके आयुध धनु सायक हैं, वह पुरुषोत्तम, भारत गौरव प्रभु राम हमारे नायक हैं। वहीं रायबरेली से पधारे डॉ0 गोविंद गज़ब ने मर्यादा और शक्ति के हैं पुण्य धाम जी, नैनों में बस गए हैं रामजी, बरसों तलक जो टेंट में रहे रामजी, मन्दिर में बस गए हैं रामजी.....कविता पाठ कर सरकार द्वारा मंदिर बनाए जाने के लिए आभार प्रकट किया। उन्होंने बेटियों की बेबसी, महानता एवं महिला सशक्तिकरण पर भी कविता पाठ किया।


      कवि सुधांशू गोस्वामी ने ब्रज भूमि का नाम रोशन करते हुए भगवान श्रीकृष्ण को याद कर कविता पाठ किया...नाथ करुणावतार सुनलो मेरी पुकार महिमा .....पापियों के नाश हेतु धरती पे आते हैं। उन्होंने श्रृंगार रस से भरे हुए मंत्रमुग्ध करने वाले मनोहारी गीत ...घिर उठी घटाएं और मोर नाचने लगे...भी सुनाया।


कवि सम्मेलन में छोटे बालक प्रसून भारद्वाज ने पापा मम्मी की घरेलू कहा-सुनी पर हास्य कविता सुनाई, जिसे खूब सराहा गया। फराज मुजीब ने ग़ज़ल के माध्यम से संवेदनाओं की बात करते हुए पढ़ा ..खून इंसान का सरेआम बहाने वाले.....और अपने वादों से जो इंसान मुकर जाते हैं, सारी दुनिया की नजर से उतर जाते हैं।


प्रतीक्षा चौहान ने अपनी मधुर वाणी से मुक्तक ...उनकी लाडली ऐसा काम कर देगी, शिखर से ऊंचा उनका नाम कर देगी....से अपनी बात शुरू करते हुए कविता पाठ किया। स्वप्न चलता रहा रात भर...।


दौलत कुमार सिंह ने जीवन में सकारात्मक सीख देते हुए कविता पाठ किया.. बढ़ने वाले बढ़ते जाना, पीछे कदम हटाना ना, सुमन मिलेंगे राहों में , शूलों पे नजर टिकाना ना।


वरिष्ठ कवि दौलत राम शर्मा ने कविता पाठ के माध्यम से अयोध्या में बने भगवान राम मंदिर को याद करते हुए गीत... मेरे दिल की धड़कन है तू, जिसे देखकर मैं संवरता हूँ अक्सर....।


          प्रदीप चौहान ने ...प्रेम का दर खुला है चले आईए, अब न कोई गिला है चले आइए, ये ह्रदय की गिरह फिर खुले न खुले, आज मौका मिला है चले आईए।


      कवि सम्मेलन में संगीता राज, भुवनेश चौहान चिंतन, डॉ0 मुजीबुर्रहमान, अफ़रोज़ गौरी, मणि मधुकर भूषण ने भी कविता पाठ किया। संचालन विजय प्रकाश भारद्वाज द्वारा किया गया।


      कवि सम्मेलन में गौरव शर्मा जिला उपाध्यक्ष, अवध सिंह बघेल जिलामंत्री भाजपा, देवेंद्र राजपूत आईटी प्रमुख, पीडी डीआरडीए भाल चंद त्रिपाठी, जिला समाज कल्याण अधिकारी संध्या बघेल, सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार, सुशील कुमार शर्मा एवं भारी संख्या में श्रोतागण मौजूद रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ

एक टिप्पणी भेजें (0)