धर्म समाज महाविद्यालय में महारानी अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दि जन्मदिवस समारोह का हुआ भव्य आयोजन

Aligarh Media Desk

मा0 केंद्रीय मंत्री श्री कमलेश पासवान एवं राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री श्री शिवप्रकाश ने कार्यक्रम का किया शुभारंभ

अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़: धर्म समाज महाविद्यालय में महारानी अहिल्याबाई होल्कर की त्रिशताब्दि जन्मदिवस समारोह के उपलक्ष्य में एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। मुख्य अतिथि मा0 केंद्रीय मंत्री श्री कमलेश पासवान एवं राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री श्री शिवप्रकाश ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ महारानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। 

महिला सशक्तिकरण विषय पर आयोजित कार्यक्रम में मा0 केंद्रीय मंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि 300 वर्ष पूर्व पुण्यश्लोक लोकमाता महारानी अहिल्याबाई होल्कर ने जो सुशासन किया उससे प्रेरित होकर मा0 प्रधानमंत्री जी के मार्गदर्शन में देशभर में 31 मई तक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने महिला सशक्तीकरण, सड़क, अस्पताल, बुनियादी सुविधाओं के साथ ही धार्मिक उत्थान के अनेकानेक कार्य किए। महारानी अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की महानतम महिला शासकों में से एक थीं, जिन्होंने अपने सुशासन, न्यायप्रियता और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से समाज में महिलाओं की भूमिका को सशक्त रूप में स्थापित किया। उन्होंने कहा कि आज के समय में अहिल्याबाई जैसी प्रेरणादायी व्यक्तित्वों से हमें यह सीखने की आवश्यकता है कि महिलाएं न केवल परिवार की धुरी हैं, बल्कि राष्ट्र निर्माण में भी उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। मा0 केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भारत सरकार महिला सशक्तिकरण को सर्वाेच्च प्राथमिकता दे रही है और ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’, ‘प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना’ और ‘नारी शक्ति अभियान’ जैसे कार्यक्रमों के माध्यम से देश की महिलाओं को आत्मनिर्भर और समर्थ बनाने की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।

मा0 राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री श्री शिव प्रकाश ने कहा कि मा0 मोदी जी के मार्गदर्शन में जो कार्य आज हो रहे हैं वह कार्य महारानी ने 300 वर्ष पहले की आरंभ कर दिए थे। उन्होंने भूमिहीन किसानों को पट्टा दिया, भूमि की उर्वरा शक्ति के अनुसार खेती कराई, सिंचाई के लिए बांध, तालाब, बाबडियों का निर्माण कराया, पशुपालन, बंजर भूमि सुधार, फसल चक्र, फसल मुआवजा जैसी व्यवस्था लागू की। उन्होंने महिला सशक्तीकरण के लिए सैनिकों की विधवाओं को पेंशन, विधवाओं को संपत्ति में अधिकार, रोजगार केंद्रित उद्योग नीति जिसमें महिलाओं द्वारा तैयार विशेष ’’महेश्वर साड़ी’’ और उसकी बाजार की व्यवस्था की। उनकी फौज में 500 महिलाओं की विशेष टुकड़ी भी शामिल थी। महारानी केवल महान शिवभक्त ही नहीं थीं बल्कि वह घुड़सवारी, तलवारबाजी जैसी 18 युद्धकलाओं में निपुण और महान योद्धा थीं। उन्होंने अपने 28 वर्ष के शासनकाल में सम्पूर्ण भारतवर्ष में सांस्कृतिक उत्थान के 12500 से अधिक कार्य कराए। अपनेे राजसी फरमान पर भी नाम की जगह ’’शिव आज्ञा’’ लिखतीं थीं और सब कुछ शिव को समर्पित मानती थीं। ऐसी महान विभूति के कार्यों को जन-जन तक पहुॅचाने और उनसे प्रेरणा लेने के लिए मा0 मोदी जी द्वारा देशभर में त्रिशताब्दी जन्म दिवस समारोहों को आयोजित किया जा रहा है। 

मा0 महापौर श्री प्रशानत सिंघल ने सभी आंगतुकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि जब हम किसी से ममता प्राप्त करते हैं तो स्वतः ही उसे मॉ के रूप में देखने लगते हैं, महारानी को लोकमाता की उपाधि उनके द्वारा प्रजा को दिए गए ममतामयी स्नेह से ही प्राप्त हुई। उन्होंने कहा कि लोकमाता द्वारा 300 वर्ष पूर्व किए गए कार्य आने वाले 3000 वर्षों तक भी भुलाए नहीं जा सकते। उन्होंने घोषणा करते हुए कहा कि नगर निगम क्षेत्र में महिला शक्ति चौक का निर्माण कराया जाएगा, जिसमें महारानी अहिल्याबाई, रानी लक्ष्मीबाई, रानी अवंतीबाई की प्रतिमाएं लगेंगी।

कार्यक्रम में मा0 विधायक श्री अनिल पाराशर, श्रीमती मुक्ता संजीव राजा, ठा0 श्री जयवीर सिंह, ठा0 श्री रवेन्द्रपाल सिंह, श्री राजकुमार सहयोगी, मा0 एमएलसी चौ0 श्री ऋषिपाल सिंह, डा0 मानवेन्द्र प्रताप सिंह, प्रो0 तारिक मंसूर, मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती विजय सिंह, जिलाध्यक्ष श्री कृष्णपाल सिंह, महानगर अध्यक्ष इंजी0 राजीव शर्मा, जिला महामंत्री शिव नारायण शर्मा, पूर्व महापौर श्रीमती शकुन्तला भारती, पूनम बजाज, बनी सिंह बघेल समेत अन्य जनप्रतिनिधि एवं पार्टी पदाधिकारीगण उपस्थित रहे। 

------