कृष्णांजलि नाट्यशाला में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जनपदीय आशा सम्मेलन का हुआ भव्य आयोजन

Aligarh Media Desk

अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़: राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी जनपदीय आशा सम्मेलन का आयोजन कृष्णांजली सभागार में किया गया। सम्मेलन की अध्यक्षता मुख्य अतिथि माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विजय सिंह ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में मण्डलायुक्त अलीगढ़ मण्डल श्रीमती संगीता सिंह उपस्थित रहीं। इसके अतिरिक्त सम्मेलन में आशा कार्यकत्रियों द्वारा विभिन्न सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं, मेंहदी, रंगोली, सूई धागा, गुब्बारे फुलाने जैसी प्रतियोगिता में प्रतिभाग किया गया। मुख्य अतिथि माननीय जिला पंचायत अध्यक्ष के नेतृत्व वाले निर्णायक मंडल द्वारा सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं का मुल्यांकन कर आशा कार्यकत्रियों को प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार वितरित किए। 

सम्मेलन में जिले के सभी ब्लॉकों एवं शहरी क्षेत्र से आई आशा कार्यकत्रियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। आशाओं ने गायन, नृत्य, नाटक एवं कठपुतली नृत्य जैसी मनमोहक प्रस्तुतियों के साथ ही मेहंदी, रंगोली, सूई-धागा, गुब्बारे फुलाने आदि प्रतियोगिताओं में प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल द्वारा प्रतिभागियों का मूल्यांकन कर प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली आशाओं को पुरस्कृत किया गया।

मुख्य अतिथि श्रीमती विजय सिंह ने आशा बहुओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे स्वास्थ्य विभाग की सबसे छोटी किंतु सबसे महत्वपूर्ण कड़ी हैं, जो विषम परिस्थितियों में भी जिम्मेदारी का निर्वहन करती हैं। उन्होंने आशाओं को “मातृ शक्ति” बताते हुए कहा कि उनकी मेहनत से सरकारी योजनाओं का लाभ ग्रामीण क्षेत्रों के अंतिम छोर तक पहुंचता है।

मण्डलायुक्त श्रीमती संगीता सिंह ने कहा कि आशाएं स्वास्थ्य विभाग की रीढ़ हैं। उन्होंने आशाओं के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि “जब गाँव स्वस्थ होगा तभी शहर, जनपद, प्रदेश और अंततः देश स्वस्थ होगा। स्वास्थ्य का भविष्य आप सभी के हाथों में है।”

मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नीरज त्यागी ने आशाओं की सकारात्मक ऊर्जा की प्रशंसा करते हुए उन्हें लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति एवं जनहितकारी योजनाओं का लाभ जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम में विगत वर्ष स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने वाली 42 आशाओं को ब्लॉकवार प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय पुरस्कार दिए गए। जनपद स्तर पर सर्वश्रेष्ठ संगिनी के रूप में लोधा ब्लॉक की कमलेश प्रथम, गंगीरी ब्लॉक की मीरा द्वितीय तथा अतरौली ब्लॉक की सर्वेश तृतीय स्थान पर रहीं। सर्वश्रेष्ठ बीसीपीएम का सम्मान जवां ब्लॉक की रजिया खान को व 10 सीएचओ को एनक्यूएएस प्रमाणन के लिए प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया।

सम्मेलन में स्वास्थ्य विभाग के अधिकारीगण, यूनिसेफ, डब्ल्यूएचओ, यूपीटीएसयू, पीएसआई सहित विभिन्न सहयोगी संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। मंच संचालन रोहित प्रकाश सक्सेना व सह-संचालन सुरेश सिंह भदौरिया द्वारा किया गया।

अंत में सम्मेलन के नोडल अधिकारी डॉ. राहुल शर्मा ने मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, सभी प्रतिभागी आशाओं एवं उपस्थित अधिकारियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर एसीएमओ डा0 दिनेश खत्री, डा0 सुशील कुमार जैन, डा0 वी0के0 राजपूत, डिप्टी सीएमओ डा0 नरेन्द्र, डीएमओ डा0 विनीता मिश्रा, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी सूरज सिंह भदौरिया, डीपीएम महेन्द्र प्रताप सिंह, डीसीपीएम डा कमलेश चौरसिया, डीएएम डा0 प्रदीप वर्मा, डीपीओ कृष्ण कांत राय, डा0 रागिनी, डा0 अंशू सक्सेना, डा0 रिम्या पिल्लई, अर्बन हैल्थ कॉर्डिनेटर अकबर खान, उज्ज्वल अग्रवाल, यूनिसेफ से हैदर रजा, डब्लूएचओ से शादाब, पीएसआई से पुष्पेन्द्र सिंह, बीसीपीएम श्याम विहारी, अभिषेक शर्मा, पीयूष अग्रवाल, साधना सिंह, इरम निशा, अफरोज नबी एवं अन्य चिकित्सकगण उपस्थित रहे।  


👉 ब्लॉक स्तर पर आशाओं को प्रथम पुरस्कार 5000, द्वितीय पुरस्कार 2000 व तृतीय पुरस्कार 1000 रूपये का होता है।

👉 जनपद स्तर पर आशा संगीनियों को प्रथम पुरस्कार 5000 द्वितीय पुरस्कार 3000 वह तृतीय पुरस्कार 2000 रूपये का होता है।

👉 जनपद स्तर पर सर्वश्रेष्ठ बीसीपीएम को 5000 रूपये का पुरस्कार दिया जाता है।

------