एएमयू ने शिक्षक दानिश राव की हत्या पर गहरा शोक व्यक्त किया

Aligarh Media Desk

 


अलीगढ मीडिया डिजिटल,अलीगढ़, 25 दिसंबर: अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय (एएमयू) ने एबीके यूनियन स्कूल के शिक्षक दानिश राव की हत्या की घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने इस जघन्य अपराध की कड़ी निंदा करते हुए इसे अत्यंत दुखद और चिंताजनक बताया है।

एएमयू की कुलपति प्रो. नइमा खातून ने शोक संदेश में कहा कि एक समर्पित शिक्षक की इस प्रकार नृशंस हत्या ने पूरे विश्वविद्यालय समुदाय को आहत किया है। उन्होंने शोकाकुल परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस अपूरणीय क्षति की घड़ी में पूरा एएमयू परिवार उनके साथ खड़ा है।


कुलपति ने यह भी स्पष्ट किया कि विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इस संबंध में कुलपति ने पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) से विस्तृत चर्चा की |

विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा सुरक्षा प्रबंधों को अधिक मजबूत करने के उद्देश्य से कल एक महत्वपूर्ण बैठक की जाएगी, जिसमें सभी सुरक्षा उपायों की नए सिरे से समीक्षा कर उन्हें प्रभावी ढंग से लागू करने पर विचार किया जाएगा।


एएमयू प्रशासन ने दोहराया है कि छात्रों, शिक्षकों, कर्मचारियों और परिसरवासियों के लिए एक सुरक्षित, संरक्षित और शांतिपूर्ण वातावरण सुनिश्चित करने के लिए विश्वविद्यालय पूरी तरह प्रतिबद्ध है। प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और परिसर में सुरक्षा का भरोसा कायम रखने के लिए पुलिस और नागरिक प्रशासन के साथ निरंतर समन्वय बनाए रखने की प्रतिबद्धता भी जताई है।