अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। सेवा भारती हरिगढ़ महानगर कार्यकारिणी द्वारा मकरसंक्रांति पर्व और स्वामी विवेकानंद जयंती के उपलक्ष में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विभाग सह-संचालक ललित, विभाग कार्यवाहक योगेश आर्य, भाजपा महानगर उपाध्यक्ष गौरव शर्मा, प्रांतीय सदस्य संजय अग्रवाल, व्यवसायी रविन्द्र कुमार सिंघल और राकेश ने दीप प्रज्वलन कर किया। विभाग अध्यक्ष गौरव सिंघल ने अतिथियों का स्वागत किया और कहा कि सेवा भारती हरिगढ़ महानगर कार्यकारिणी द्वारा आयोजित यह कार्यक्रम समाज सेवा और राष्ट्र निर्माण के प्रति हमारी प्रतिबद्धता का प्रतीक है।
विभाग सह संघ चालक ललित ने अपने उद्बोधन में स्वामी विवेकानंद जयंती और मकरसंक्रांति पर्व के महत्व पर प्रकाश डाला और कहा कि स्वामी विवेकानंद का जीवन हमें सेवा और समर्पण का मार्ग दिखाता है। विभाग कार्यवाह योगेश आर्य ने सेवा केन्द्रों की संचालिका बहनों की भूमिका की सराहना की और कहा कि वे समाज के विभिन्न वर्गों को सेवा प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। भाजपा महानगर उपाध्यक्ष गौरव शर्मा ने सेवा भारती के कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि इन दैवीय कार्यों से ही भारत को पुनः विश्वगुरु का स्थान प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में सेवा केन्द्र संचालिका बहनों को मासिक मानदेय और पर्वानुरूप खिचड़ी भोग और तिल से बनी वस्तुएं भेंट की गईं। दो नवीन सेवा केन्द्रों के संचालन हेतु आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। कार्यक्रम का संचालन ओमप्रकाश ने किया विभागाध्यक्ष गौरव सिंघल ने सभी का आभार व्यक्त किया और कहा कि सेवा भारती हरिगढ़ महानगर कार्यकारिणी समाज सेवा के क्षेत्र में और भी अधिक कार्य करने के लिए प्रतिबद्ध है। इस अवसर पर विभाग मंत्री अम्बरीश पाठक, मंत्री उपेंद्र सिंघल, उपाध्यक्ष प्रदीप सिंघल और सेवा केन्द्रों की संचालिका बहनें उपस्थित थीं। कार्यक्रम का समापन कल्याण मंत्र के साथ किया गया।
