MSW_Jobs: परिवार न्यायालय में परामर्शदाताओं की नियुक्ति प्रक्रिया प्रारम्भ

Aligarh Media Desk

 


अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़ : परिवार न्यायालय अलीगढ़ में परामर्शदाताओं के पदों पर नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। यह कार्यवाही माननीय इलाहाबाद उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में की जा रही है।

प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय अलीगढ़ संजीव कुमार फौजदार द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार न्यायालय में परामर्शदाताओं के पांच पदों पर नियुक्ति की जानी है। चयनित अभ्यर्थियों के आवेदन नियमानुसार उत्तर प्रदेश शासन को प्रेषित किए जाएंगे।

परामर्शदाता पद पर अभ्यर्थियों के लिए समाजशास्त्र या मनोविज्ञान विषय में स्नातक उपाधि एवं समाजसेवा का अनुभव आवश्यक निर्धारित किया गया है। सामाजिक कार्य में स्नातकोत्तर उपाधि और पारिवारिक परामर्श के क्षेत्र में अनुभव रखने वाले अभ्यर्थियों को वरीयता प्रदान की जाएगी। अभ्यर्थी की आयु निर्धारित मानकों के अनुरूप होनी चाहिए। नियुक्ति संविदा के आधार पर की जाएगी और परामर्शदाताओं को नियमानुसार मानदेय देय होगा। कार्यकाल प्रारम्भ में तीन वर्ष का निर्धारित किया गया है, जिसे आवश्यकतानुसार आगे बढ़ाया जा सकता है।

 इच्छुक अभ्यर्थियों से अपेक्षा की गई है कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन 31 मार्च तक करना सुनिश्चित करें। आवेदन पत्र का प्रारूप जनपद न्यायालय की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध है। निर्धारित समयावधि में प्राप्त आवेदन पत्रों पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी। परिवार न्यायालय प्रशासन ने पात्र अभ्यर्थियों से समय से आवेदन करने की अपील की है।