#भद्रा और चंद्रग्रहण के कारण होलिका दहन के एक दिन बाद होगा हुड़दंग!

Aligarh Media Desk

अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़| होलिका दहन दो मार्च को होगा, लेकिन अगले दिन यानी तीन मार्च को रंग नहीं खेला जाएगा। इस बार होलिका दहन के अगले दिन होली नहीं खेली जाएगी, रंग पर्व चार मार्च को मनाया जाएगा। हालांकि ऐसा कम ही देखने को मिलता है। इसका कारण भी है। 

रंग खेलने को लेकर लोगों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है। होलिका दहन के बाद रंग कब खेलें, इसे लेकर लोगों के मन में शंका उठ रही है। हमेशा होलिका दहन के अगले दिन रंग खेला जाता है, लेकिन अबकी भद्रा और चंद्रग्रहण के कारण होलिका दहन के एक दिन बाद अर्थात चार मार्च को रंग खेला जाएगा।


अलीगढ़ जनपद के प्रमुख ज्योतिर्विद एवं अचार्यो के अनुसार भद्रा में होलिका दहन नहीं किया जाता है। धर्म सिंधु और निर्णय सिंधु के अनुसार भद्रा के चौथे चरण में होलिका दहन हो सकता है। भद्रा का चौथा चरण दो मार्च की रात 12.50 बजे शुरू होगा। इसके बाद होलिका दहन किया जाएगा। हालांकि  चंद्रग्रहण के कारण तीन मार्च को नहीं बल्कि चार मार्च को रंग खेला जाएगा।  

आचार्य देवेंद्र प्रसाद त्रिपाठी का कहना है कि फाल्गुन शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि दो मार्च की शाम 5.18 बजे से लगेगी। इसके साथ ही भद्रा भी रहेगा। पूर्णिमा तिथि तीन मार्च को शाम 4.33 बजे तक रहेगी। होलिका दहन में पूर्णिमा तिथि और रात्रि का समय होना जरूरी है।