एसआईआर पूर्ण होने के बाद अब जिले में 2410173 मतदाता
अंतिम मतदाता सूची पारदर्शिता के साथ उपलब्ध, लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत बनाने पर जोर
अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़ : जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुपालन में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ निर्वाचन प्रक्रिया को सुदृढ़ करने पर विशेष बल दिया गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार द्वारा सभी उपस्थित राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को अर्हता तिथि के आधार पर तैयार की गई अंतिम मतदाता सूची की सॉफ्ट एवं हार्ड कॉपी उपलब्ध कराई गई। इस अवसर पर अधिकारियों ने बताया कि मतदाता सूची का प्रकाशन पूर्ण पारदर्शिता के साथ किया गया है, जिससे प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम सूची में सम्मिलित हो सके।
जिला निर्वाचन अधिकारी संजीव रंजन ने विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-एसआईआर के उपरांत मतदाता सूची में शामिल नए मतदाताओं, संशोधित प्रविष्टियों एवं विलोपन की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप प्रत्येक चरण में निष्पक्षता, पारदर्शिता और सहभागिता सुनिश्चित की गई है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों से अपेक्षा की कि वह मतदाता जागरूकता बढ़ाने में सक्रिय सहयोग प्रदान करें, ताकि अधिक से अधिक नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें। साथ ही उन्होंने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए सभी का सहयोग अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में आपसी संवाद और सुझावों के आदान-प्रदान भी किया गया, जिसमें लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता दोहराई गई। सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों से उपस्थित आए पदाधिकारियों ने बताया कि उनको अंतिम मतदाता सूची की हार्ड एवं सॉफ्ट कॉपी प्राप्त हो गई है।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी पंकज कुमार ने बताया कि एसआईआर से पूर्व जिले में 2796379 मतदाता थे। उन्होंने विधानसभावार जानकारी देते हुए बताया कि 71-खैर में 406547, 72-बरौली में 390250, 73-अतरौली में 403460, 74-छर्रा में 385332, 75-कोल में 411521, 76-अलीगढ़ में 397253 एवं 77-इगलास में 402016 मतदाता थे।
एसआईआर के उपरांत 06 जनवरी को प्रकाशित ड्राफ्ट रोल में जिले में 520189 मतदाता घटकर 2276190 रह गए थे। उन्होंने विधानसभावार जानकारी देते हुए बताया कि 71-खैर में 340870, 72-बरौली में 330437, 73-अतरौली में 341853, 74-छर्रा में 325962, 75-कोल में 312079, 76-अलीगढ़ में 282980एवं 77-इगलास में 342009 मतदाता थे।
बूथों पर बीएलओ, एईआरओ एवं ईआरओ द्वारा अनवरत की गई सुनवाई प्रक्रिया के पूर्ण होने के उपरांत 133983 पात्र मतदाता पाए गए जिससे अब जिले में 2410173 हो गए हैं। उन्होंने विधानसभावार जानकारी देते हुए बताया कि 71-खैर में 356103, 72-बरौली में 344136, 73-अतरौली में 358548, 74-छर्रा में 340647, 75-कोल में 342818, 76-अलीगढ़ में 310603 एवं 77-इगलास में 357318 मतदाता हो गए हैं। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन एवं ऑफलाइन प्राप्त शिकायतों, दावे-आपत्तियों का शत-प्रतिशत निराकरण कराया गया। वर्तमान में कोई शिकायत लंबित नहीं है।
बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट सुभांशु कटियार, एईआरओ कोल महिमा राजपूत, एईआरओ छर्रा दिग्विजय सिंह समेत राजनैतिक दलों से भाजपा उपाध्यक्ष उदयवीर सिंह लोधी, महामंत्री भाजपा सुभाष गुप्ता सुभानु, जिला मंत्री भाजपा आकाश गुप्ता, मण्डल प्रभारी बीएसपी अशोक सिंह, समाजवादी पार्टी से मनोज यादव, अब्दुल हमीद घोषी, जिला सचिव सीपीआईएम इदरीश मोहम्मद उपस्थित रहे।

