प्रधानमंत्री-मुख्यमंत्री की अपील का असर: अलीगढ़ मंडल की समीक्षा बैठक 15 को, अब ज़ूम पर

Aligarh Media Desk

अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ : मा0 प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी और मा0 मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ द्वारा डिजिटल माध्यमों को बढ़ावा देने और अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील का असर अब प्रदेश के साथ-साथ मंडलों और जिलों में भी साफ दिखाई देने लगा है। इसी क्रम में आयुक्त अलीगढ़ मण्डल ने एक अभिनव पहल करते हुए 15 मई को प्रस्तावित मंडलीय समीक्षा बैठकों को ऑनलाइन माध्यम से आयोजित करने का निर्णय लिया है।


आयुकत अलीगढ़ मण्डल द्वारा जारी पत्र के अनुसार, पूर्व में 15 मई को प्रस्तावित विकास कार्यों, कानून व्यवस्था, कर-करेत्तर एवं राजस्व विभाग की मंडलीय समीक्षा बैठक निर्धारित थी। हालांकि आयुक्त संगीता सिंह के निर्देशों के क्रम में अब विकास कार्य, कर-करेत्तर एवं राजस्व प्रशासन से संबंधित बैठकें ज़ूम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की जाएंगी, जबकि कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक को अग्रिम आदेशों तक स्थगित कर दिया गया है। कमिश्नरी द्वारा जारी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार विकास कार्यों की समीक्षा बैठक 15 मई को अपराह्न 3 बजे मण्डल आयुक्त की अध्यक्षता में ऑनलाइन आयोजित होगी। वहीं कर-करेत्तर, राजस्व संग्रह एवं सामान्य राजस्व प्रशासन की समीक्षा बैठक भी इसी दिन अपर आयुक्त प्रशासन की अध्यक्षता में ज़ूम प्लेटफॉर्म पर संपन्न होगी। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे निर्धारित समय पर लिंक के माध्यम से जुड़कर समस्त आवश्यक सूचनाओं सहित स्वयं प्रतिभाग सुनिश्चित करें।

आयुक्त संगीता सिंह की यह पहल न केवल प्रशासनिक कार्यों में तकनीक के बेहतर उपयोग का उदाहरण है, बल्कि समय, संसाधन और अनावश्यक यात्रा व्यय की बचत की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।