अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, हरदुआगंज। तालानगरी सेक्टर दो स्थित एक प्लास्टिक के कबाड़ गोदाम में 23 जून पूर्वाह्न करीब 11 बजे भीषण आग लग गई। आग की सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड की चार दमकलें मौके पर पहुंचीं और लगभग 35 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। इस घटना में गोदाम स्वामी को लगभग 70 से 80 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान है।
घटना तालानगरी सेक्टर दो में जीएसटी कार्यालय के निकट हुई, जहां शाहजमाल निवासी मोहम्मद चमन का प्लास्टिक कबाड़ का गोदाम है। गोदाम मालिक के बेटे रिजवान ने बताया कि वह तालानगरी क्षेत्र की फैक्ट्रियों से निकले प्लास्टिक के कबाड़ को खरीदते हैं और उसे अलग-अलग करके बेचते हैं। 23 जून सुबह करीब 11 बजे, गोदाम के पीछे बने एक कमरे में शॉर्ट सर्किट के कारण आग लग गई। प्लास्टिक सामग्री होने के कारण फैली आग की लपटें उठते देख आसपास के लोगों ने तुरंत गोदाम मालिक को सूचना दी।
सूचना मिलते ही दमकल विभाग को अलर्ट किया गया। सीओ फायर बिग्रेड के नेतृत्व में तालानगरी, अतरौली और बन्नादेवी की कुल चार दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने बहादुरी और सूझबूझ का परिचय देते हुए लगभग 35 मिनट के अथक प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। इस दौरान आसपास की अन्य फैक्ट्रियों के संचालक भी चिंतित नजर आए।

