अलीगढ़ को 462 करोड़ की सौगात देकर लौटे मुख्यमंत्री योगी, लखनऊ अग्निकांड पर जताया गहरा दुख

Aligarh Media Desk

(लखनऊ में हुए अग्निकांड के घटना स्थल पर CM योगी)

प्रवीण कुमार, अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़ | राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी (नुमाइश मैदान) के कोहिनूर मंच पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए. हालांकि कार्यक्रम के दौरान लखनऊ में हुए एक दुखद अग्निकांड की सूचना मिलने पर मुख्यमंत्री ने गहरा शोक व्यक्त किया और कार्यक्रम को संक्षिप्त कर तत्काल राजधानी के लिए रवाना हो गए|

लखनऊ-CM योगी ने कल के सभी दौरे किए रद्द,

CM का कल हाथरस व आगरा में कार्यक्रम था 

अग्निकांड का मामला -

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी घटना स्थल और KGMU जाएँगे , घायलों से मुलाक़ात करेंगे 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से कहा कि उनकी हार्दिक इच्छा थी कि वे अलीगढ़ में अधिक समय तक रहें, लेकिन अभी-अभी लखनऊ में हुई एक दुर्घटना की सूचना प्राप्त हुई है, जिसमें आग की चपेट में आने से कुछ बच्चों की दुखद मृत्यु हो गई है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन राहत एवं बचाव कार्यों में जुटा हुआ है|

मुख्यमंत्री ने पुलिस महानिदेशक और गृह सचिव को मौके पर पहुंचकर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा कि वह स्वयं भी लखनऊ जा रहे हैं ताकि पूरे मामले की तह तक पहुंचकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके.कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि अलीगढ़ के विकास की प्रक्रिया किसी भी परिस्थिति में नहीं रुकेगी. उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन की सरकार प्रदेश के विकास को नई गति दे रही है. मुख्यमंत्री ने अलीगढ़ के ताला उद्योग, हार्डवेयर उद्योग, कारीगरों और हस्तशिल्पियों की सराहना करते हुए कहा कि इन्हीं के परिश्रम ने अलीगढ़ को वैश्विक पहचान दिलाई है|

 उन्होंने कहा कि डिफेंस कॉरिडोर की स्थापना के बाद अलीगढ़ देश की रक्षा आपूर्ति श्रृंखला का महत्वपूर्ण केंद्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है.मुख्यमंत्री ने कहा कि राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय की स्थापना वर्षों पुरानी मांग थी, जिसे सरकार ने पूरा किया है. विश्वविद्यालय में लगातार नई सुविधाओं का विकास किया जा रहा है. उन्होंने बताया कि बीते वर्ष अकेले अलीगढ़ क्षेत्र में लगभग 2800 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाएं स्वीकृत की गई थीं. सिक्स लेन हाईवे, रिंग रोड, फ्लाईओवर, अस्पताल, कॉलेज और अन्य आधारभूत ढांचा परियोजनाओं पर तेजी से कार्य चल रहा हैकार्यक्रम में विधायक अनिल पाराशर ने मुख्यमंत्री को विकास पुरुष बताते हुए कहा कि अलीगढ़ में पिछले वर्षों में अभूतपूर्व विकास कार्य हुए हैं|

उन्होंने राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय, डिफेंस कॉरिडोर, एयरपोर्ट, फ्लाईओवर और सैकड़ों करोड़ रुपये की अन्य योजनाओं का उल्लेख किया. साथ ही पंडित दीनदयाल अस्पताल को मेडिकल कॉलेज का दर्जा देने की मांग भी उठाई. कोल विधायक ने अलीगढ़ में मेट्रो रेल परियोजना शुरू करने की मांग रखी, जबकि बढ़ते जल संकट को देखते हुए गंगा से पेयजल उपलब्ध कराने की दीर्घकालिक योजना पर भी जोर दिया गया.मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि विकास का कोई विकल्प नहीं होता, लेकिन विकास के साथ प्रभावी सुरक्षा व्यवस्था और नागरिक सुविधाओं का संतुलन भी आवश्यक है| उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अलीगढ़ की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास योजनाओं को निरंतर आगे बढ़ाया जाएगा और शहर को स्मार्ट सिटी के रूप में और अधिक मजबूत पहचान दिलाई जाएगी|

कार्यक्रम में प्रदेश के कैबिनेट मंत्री चौधरी लक्ष्मी नारायण, बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री संदीप सिंह, सांसद सतीश गौतम, सांसद अनूप प्रधान, विधायक मुक्ता संजीव राजा, विधायक मानवेंद्र प्रताप सिंह, विधायक ऋषिपाल सिंह, विधायक राजकुमार सहयोगी, पूर्व सांसद तारिक मंसूर, महापौर प्रशांत सिंघल सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे|