अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़ : जिलाधिकारी अविनाश कुमार की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में बुधवार को किसान दिवस का आयोजन किया गया। किसान दिवस में किसानों ने सिंचाई, विद्युत आपूर्ति, नहरों की सफाई एवं उर्वरकों की उपलब्धता से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से उठाईं। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को किसानों की शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उप कृषि निदेशक चौधरी अनुण कुमार सिंह ने बताया कि जिले के सभी राजकीय कृषि बीज भंडारों पर किसानों को बुकिंग के आधार पर मिलेट्स बीज मिनीकिट निःशुल्क वितरित किए जा रहे हैं। वहीं किसानों द्वारा विद्युत आपूर्ति और सिंचाई व्यवस्था को लेकर उठाई गई समस्याओं पर अधिशासी अभियंता गंगा नहर ने बताया कि अधिकांश नहरों एवं माइनरों की सफाई का कार्य पूर्ण कराया जा चुका है तथा टेल तक पानी पहुंचाने के लिए प्रभावी व्यवस्था की जा रही है।
जिला कृषि अधिकारी धीरेन्द्र सिंह चौधरी ने बताया कि खरीफ सीजन के लिए जिले में उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता है। शासन के निर्देशानुसार 1 अप्रैल से 30 सितंबर 2026 तक किसानों को खतौनी, आधार कार्ड एवं फार्मर रजिस्ट्री के आधार पर प्रति हेक्टेयर अधिकतम 07 बैग यूरिया एवं 05 बैग डीएपी उर्वरक का वितरण किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से वैज्ञानिक फसल संस्तुतियों के अनुरूप उर्वरकों का संतुलित उपयोग करने की अपील की।
मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी डा0 दिवाकर त्रिपाठी ने किसानों से अपील करते हुए कहा कि कहीं भी निराश्रित गौवंश दिखाई देने पर ग्राम प्रधान, सचिव, खंड विकास अधिकारी अथवा पशु चिकित्सा अधिकारी को तत्काल सूचना दें। उन्होंने पशुपालन विभाग द्वारा संचालित बकरी पालन एवं सूकर पालन योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि इन योजनाओं में पात्र लाभार्थियों को 90 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध कराया जा रहा है।
वरिष्ठ प्राविधिक सहायक ग्रुप-ए ने किसानों को फार्मर रजिस्ट्री की प्रक्रिया से अवगत कराते हुए बताया कि किसान अपने निकटस्थ जन सेवा केंद्र अथवा स्वयं मोबाइल के माध्यम से भी फार्मर रजिस्ट्री करा सकते हैं। तकनीकी सत्र में प्रभारी राजकीय कृषि बीज भंडार लोधा ने किसानों को फसलों को कीटों से बचाने के लिए सोलर लाइट ट्रैप के उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इसके प्रयोग से रासायनिक कीटनाशकों का उपयोग कम होता है, जिससे लागत घटती है और पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलता है। उन्होंने बताया कि जनपद की सभी कृषि रक्षा इकाइयों पर सोलर लाइट ट्रैप 90 प्रतिशत अनुदान पर उपलब्ध हैं।
बैठक के अंत में जिलाधिकारी ने किसानों से अपनी फसलों का बीमा अनिवार्य रूप से कराने का आह्वान करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य विपरीत परिस्थितियों में फसल बीमा किसानों को आर्थिक सुरक्षा प्रदान करता है। उन्होंने विभागों द्वारा संचालित फार्मर रजिस्ट्री अभियान में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने का भी आह्वान किया तथा किसानों की समस्याओं के त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान के निर्देश अधिकारियों को दिए।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी योगेन्द्र कुमार, जिला पंचायत राज अधिकारी यतेन्द्र सिंह, जिला प्रबंधक अग्रणी बैंक, जिला खाद्य एवं विपणन अधिकारी, भूमि संरक्षण अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। किसान प्रतिनिधियों में चौधरी नवाव सिंह, गवेन्द्र पाल सिंह, संतोष कुमार, अजयवीर सिंह, प्रमोद कुमार वर्मा, बीरेन्द्र कुमार शर्मा, अवधेश शर्मा एवं प्रसादी लाल शर्मा सहित अनेक किसानों ने सहभागिता की।

