डबल इंजन सरकार ने बदली अलीगढ़ की तस्वीर -प्रभारी मंत्री
12 वर्ष केंद्र, 9 वर्ष प्रदेश सरकार के: अलीगढ़ में विकास की गूंज
जनकल्याण से आधारभूत संरचना तक, अलीगढ़ बना विकास का मॉडल जिला
अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़ : केंद्र सरकार के 12 वर्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में मा0 जनपद प्रभारी मंत्री एवं गन्ना विकास एवं चीनी मिल मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में देश और प्रदेश ने विकास, सुशासन, सुरक्षा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, किसान सम्मान निधि, निःशुल्क राशन एवं विभिन्न पेंशन योजनाओं के माध्यम से करोड़ों लोगों को लाभ मिला है। आज गरीबों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं, आवास, शौचालय, गैस कनेक्शन एवं सामाजिक सुरक्षा उपलब्ध हो रही है।
मा0 प्रभारी मंत्री ने कहा कि एक्सप्रेस-वे, एयरपोर्ट, मेडिकल कॉलेज और अन्य आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विस्तार हुआ है। कानून-व्यवस्था में व्यापक सुधार के साथ उत्तर प्रदेश निवेश और रोजगार का प्रमुख केंद्र बनकर उभरा है। उन्होंने कहा कि सरकारी भर्तियां पारदर्शी ढंग से हो रही हैं और युवाओं को योग्यता के आधार पर अवसर मिल रहे हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा, आत्मनिर्भर रक्षा उत्पादन और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के क्षेत्र में भी देश ने नई पहचान बनाई है। अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण, काशी विश्वनाथ धाम का विकास और महाकुंभ जैसे आयोजन भारत की सांस्कृतिक शक्ति के प्रतीक हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनहितकारी नीतियों के बल पर भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और सभी वर्गों को बिना भेदभाव योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है।
मा0 जनपद प्रभारी मंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार की नीतियों का प्रत्यक्ष लाभ अलीगढ़ के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचा है और जनपद तेजी से विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि के अंतर्गत जनपद के 4.10 लाख से अधिक किसानों को 1399 करोड़ रुपये की सम्मान निधि सीधे उनके खातों में भेजी गई है, जबकि किसान ऋण मोचन योजना के तहत 1.11 लाख किसानों का 790 करोड़ रुपये का ऋण माफ किया गया। गन्ना किसानों को 1153 करोड़ रुपये का भुगतान कर उनकी आर्थिक स्थिति को मजबूत किया गया है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री आवास योजनाओं के माध्यम से हजारों गरीब परिवारों को पक्के आवास उपलब्ध कराए गए हैं। स्वच्छ भारत मिशन के तहत 3.68 लाख से अधिक व्यक्तिगत शौचालयों का निर्माण कर स्वच्छता अभियान को नई गति दी गई है। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के अंतर्गत निराश्रित महिलाओं, वृद्धजनों एवं दिव्यांगजनों को पेंशन योजनाओं से जोड़ा गया है, जबकि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना और कन्या सुमंगला योजना से हजारों बेटियों को लाभ मिला है।
स्वास्थ्य क्षेत्र की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए उन्होंने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत 10.99 लाख से अधिक गोल्डन कार्ड बनाए गए हैं और दो लाख से अधिक लाभार्थियों को 242 करोड़ रुपये से अधिक का निःशुल्क उपचार उपलब्ध कराया गया है। वहीं 70 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को भी योजना से जोड़ने का कार्य किया गया है। ऊर्जा एवं स्वरोजगार के क्षेत्र में उज्ज्वला योजना के अंतर्गत 3.22 लाख निःशुल्क गैस कनेक्शन वितरित किए गए हैं। पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से 69 हजार से अधिक रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं को 110 करोड़ रुपये से अधिक का ऋण प्रदान कर आत्मनिर्भर बनाया गया है। प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत 12 हजार से अधिक रूफटॉप सोलर संयंत्र स्थापित किए गए हैं। युवा सशक्तिकरण को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि जनपद में 93 हजार से अधिक विद्यार्थियों को टैबलेट एवं स्मार्टफोन वितरित किए गए हैं। छात्रवृत्ति योजनाओं के माध्यम से पांच लाख से अधिक विद्यार्थियों को लाभ मिला है। कौशल विकास एवं विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के जरिए हजारों युवाओं को प्रशिक्षण एवं रोजगार से जोड़ा गया है।
उन्होंने कहा कि अलीगढ़ में आधारभूत संरचना के क्षेत्र में व्यापक परिवर्तन देखने को मिला है। राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय, सिविल एयरपोर्ट, कल्याण सिंह हैबीटेट सेंटर, अटल आवासीय विद्यालय, क्वार्सी फ्लाईओवर और यमुना नदी पर सेतु जैसे महत्वपूर्ण परियोजनाओं ने विकास को नई दिशा दी है। लोक निर्माण विभाग द्वारा 1086 करोड़ रुपये की लागत से 633 किलोमीटर से अधिक सड़कों का निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण कराया गया है। ग्रामीण क्षेत्रों में हर घर जल योजना के तहत 4.20 लाख से अधिक परिवारों को पाइप पेयजल कनेक्शन उपलब्ध कराए गए हैं। स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत शहर में यातायात, जलनिकासी, पार्क, चौराहों एवं सार्वजनिक सुविधाओं का व्यापक विकास किया गया है।
औद्योगिक निवेश का उल्लेख करते हुए प्रभारी मंत्री ने बताया कि ख्यामई औद्योगिक आस्थान सहित विभिन्न परियोजनाओं के माध्यम से हजारों करोड़ रुपये का निवेश जनपद में आया है, जिससे स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ निवेश और औद्योगिक विकास के नए केंद्र के रूप में उभर रहा है। मा0 प्रभारी मंत्री ने कहा कि ये उपलब्धियां केवल आंकड़े नहीं, बल्कि किसानों की समृद्धि, गरीबों के सशक्तिकरण, महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और अलीगढ़ के समग्र विकास की जीवंत तस्वीर हैं। उन्होंने मीडिया का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि विकास की इस यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने जनपदवासियों से विकास और जनकल्याण की इस यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना और अलीगढ़ को प्रदेश के अग्रणी जनपदों में स्थापित करना है।
मा0 मंत्री जी ने दिए मीडिया के सवालों के जवाब:
साथा चीनी मिल के प्रकरण में मा0 प्रभारी मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने स्पष्ट किया कि पुरानी चीनी मिल के स्थान पर नई एवं आधुनिक चीनी मिल की स्थापना की जाएगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के किसी भी किसान का गन्ना रोका नहीं गया है और किसानों के हितों का पूर्ण संरक्षण सरकार की प्राथमिकता है।
तहसील कोल से संबंधित एक प्रकरण पर पूछे गए प्रश्न के उत्तर में मंत्री जी ने कहा कि मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी को जांच कराने के निर्देश दिए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके विरुद्ध कठोरतम कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान मा0 सांसद श्री सतीश गौतम, मा0 एमएलसी डा0 मानवेन्द्र प्रताप सिंह, प्रो0 तारिक मंसूर, मा0 विधायक शहर श्रीमती मुक्ता संजीव राजा, मा0 विधायक कोल श्री अनिल पाराशर, मा0 विधायक इगलास श्री राजकुमार सहयोगी, जिलाध्यक्ष श्री कृष्ण पाल सिंह, महानगर अध्यक्ष इंजी0 राजीव शर्मा, जिला महामंत्री शिवनारायण शर्मा, शल्यराज सिंह, मुकेश लोधी, गौरव शर्मा, चौ0 प्रदीप सिंह समेत अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।

