अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़ : उत्तर प्रदेश की मा0 राज्यपाल एवं राज्य विश्वविद्यालयों की कुलाधिपति श्रीमती आनंदीबेन पटेल 06 जुलाई सोमवार को अलीगढ़ के एक दिवसीय दौरे पर रहेंगी। अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वह राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राज्यपाल प्रातः 9ः15 बजे राजभवन, लखनऊ से सड़क मार्ग द्वारा चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट, अमौसी के लिए प्रस्थान करेंगी। प्रातः 9ः45 बजे राज्य विमान से अलीगढ़ के लिए उड़ान भरेंगी और 10ः30 बजे अलीगढ़ एयरपोर्ट पहुंचेंगी। यहां से वह सड़क मार्ग द्वारा राजा महेंद्र प्रताप सिंह विश्वविद्यालय पहुंचेंगी।
प्रातः 11 बजे से अपराह्न 1ः50 बजे तक मा0 राज्यपाल विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह में शामिल होंगी। इस दौरान मेधावी छात्र-छात्राओं को उपाधियां एवं पदक प्रदान किए जाएंगे और उन्हें अपने संबोधन से प्रेरित करेंगी। इसके उपरांत दोपहर 1ः55 बजे से 2ः35 बजे तक विश्वविद्यालय परिसर में ही उनका समय आरक्षित है।
दोपहर 2ः40 बजे राज्यपाल विश्वविद्यालय से अलीगढ़ एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगी। अपराह्न 3ः10 बजे राज्य विमान से लखनऊ के लिए रवाना होकर 3ः55 बजे चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट, अमौसी पहुंचेंगी। वहां से सड़क मार्ग द्वारा जन भवन के लिए प्रस्थान कर अपराह्न 4ः25 बजे जन भवन पहुंचकर उनका अलीगढ़ दौरा संपन्न होगा।
राज्यपाल के आगमन की तैयारियां अंतिम चरण में, डीएम-एसएसपी ने किया आरएमपीएसयू का निरीक्षण
अलीगढ़ 04 जुलाई 2026 (सू0वि0): उत्तर प्रदेश की महामहिम राज्यपाल श्रीमती आनंदीबेन पटेल के अलीगढ़ आगमन एवं राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय के तृतीय दीक्षांत समारोह के दृष्टिगत जिला मजिस्ट्रेट अविनाश कुमार एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन ने शनिवार को विश्वविद्यालय परिसर का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया। अधिकारियों ने समारोह स्थल पर व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन करते हुए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला मजिस्ट्रेट ने विश्वविद्यालय के एकेडमिक हॉल में कुलपति एवं रजिस्ट्रार के साथ बैठक कर दीक्षांत समारोह की तैयारियों की समीक्षा की। रजिस्ट्रार प्रबुद्ध सिंह ने बताया कि तृतीय दीक्षांत समारोह का मुख्य आयोजन विश्वविद्यालय के लाइब्रेरी ऑडिटोरियम में हो रहा है, जहां महामहिम राज्यपाल मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग करेंगी।
उन्होंने बताया कि समारोह के दौरान विभिन्न संकायों के मेधावी एवं शीर्ष स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को महामहिम राज्यपाल द्वारा स्वर्ण पदक एवं सम्मान प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त छात्राओं में एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान की प्रगति की जानकारी प्रस्तुत की जाएगी और आंगनबाड़ी केंद्रों के लिए खेल किट्स का भी वितरण किया जाएगा।
जिला मजिस्ट्रेट ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा, यातायात, प्रोटोकॉल, साफ-सफाई, पेयजल, विद्युत, बैठक व्यवस्था एवं अन्य सभी व्यवस्थाओं को पूरी सतर्कता एवं समन्वय के साथ समय से पूर्ण किया जाए, ताकि राज्यपाल के आगमन एवं दीक्षांत समारोह का आयोजन गरिमामय, सुव्यवस्थित एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

