बच्चों के त्वचा रोगों के प्रति जागरूकता और वैज्ञानिक उपचार पर दिया गया विशेष जोर

Aligarh Media Desk

अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ| इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स (आईएपी) अलीगढ़ शाखा द्वारा सेंट्रल आईएपी के तत्वावधान में आगरा रोड स्थित एक होटल में पीडियाट्रिक डर्मा मॉड्यूल का सफल आयोजन किया गया। इस शैक्षणिक कार्यक्रम का उद्देश्य बाल रोग विशेषज्ञों को बच्चों में होने वाले त्वचा रोगों के नवीनतम वैज्ञानिक ज्ञान एवं उपचार पद्धतियों से अवगत कराना था।

कार्यक्रम के मुख्य वक्ता डॉ. आर. पी. शर्मा, डॉ. अनुराग तोमर एवं डॉ. सुमित ने बच्चों में होने वाले विभिन्न त्वचा रोगों जैसे एक्जिमा, फंगल संक्रमण, एलर्जी, बैक्टीरियल एवं वायरल संक्रमण, जन्मजात त्वचा विकार तथा अन्य सामान्य एवं जटिल त्वचा समस्याओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने इन रोगों की समय पर पहचान, उचित उपचार एवं रोकथाम के आधुनिक तरीकों की जानकारी साझा की।

विशेषज्ञों ने यह भी बताया कि बच्चों की त्वचा संबंधी बीमारियों को लेकर समाज में अनेक भ्रांतियाँ प्रचलित हैं। बिना चिकित्सकीय सलाह के स्टेरॉयड युक्त क्रीमों का उपयोग, घरेलू नुस्खों पर अत्यधिक निर्भरता तथा झाड़-फूंक जैसे अवैज्ञानिक उपाय कई बार बच्चों की समस्या को और गंभीर बना देते हैं। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि किसी भी त्वचा संबंधी समस्या को हल्के में न लें तथा योग्य बाल रोग विशेषज्ञ या आवश्यकता पड़ने पर त्वचा रोग विशेषज्ञ से समय पर परामर्श अवश्य लें।

आईएपी अलीगढ़ शाखा के अध्यक्ष डॉ. प्रदीप बंसल ने कहा कि ऐसे अकादमिक कार्यक्रम चिकित्सकों के ज्ञान को अद्यतन रखने के साथ-साथ बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं प्रमाण-आधारित चिकित्सा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शाखा के सचिव डॉ. अभिषेक शर्मा ने बताया कि आईएपी का उद्देश्य नियमित शैक्षणिक गतिविधियों के माध्यम से बाल स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता को बेहतर बनाना है। कोषाध्यक्ष डॉ नीलम मंधार ने सभी विशेषज्ञ वक्ताओं एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम चिकित्सकों के अनुभव एवं ज्ञान के आदान प्रदान के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होते हैं। 

कार्यक्रम में शहर के तमाम बाल रोग विशेषज्ञों ने भाग लिया और इसे अत्यंत ज्ञानवर्धक एवं उपयोगी बताते हुए ऐसे शैक्षणिक कार्यक्रमों के नियमित आयोजन पर बल दिया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ द्विवेदी, डॉ चितरंजन सिंह, डॉ संजीव कुमार,डॉ अनूप कुमार, डॉ समरजीत ,डॉ सुनील गुप्ता, डॉ डी के अग्रवाल, डॉ सचिन वार्ष्णेय, डॉ आरुषि महेश्वरी, डॉ आशीष महेश्वरी, डॉ अशोक अग्रवाल, डॉ अरुण कुमार, डॉ रजत कुमार, डॉ आलोक कुलश्रेष्ठ, डॉ शिवाली बंधु, डॉ तोमर, डॉ प्रदीप कुमार,डॉ सुनील अग्रवाल उपस्थित रहे।