अलीगढ मीडिया डिजिटल, आगरा। खदौली थाना इलाके में बैंक से घर लौट रही वृद्ध महिला को बातों में उलझाकर तीन अज्ञात युवक कानों से सोने के कुंडल उतरवाकर फरार हो गए। महिला ने शोर मचाते हुए आरोपियों का पीछा भी किया, लेकिन वे भागने में सफल रहे। घटना के बाद महिला रोती-बिलखती पड़ाव चौराहे स्थित पुलिस चौकी पहुंची।
उपदेश देवी पत्नी स्वर्गीय रमेश चंद शर्मा ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार को वह बैंक पैसे निकालने गई थी लेकिन ईद के चलते बैंक बन्द होने के कारण बिना पैसे निकाले ही घर लौट रही थीं। दोपहर करीब बारह बजे बस स्टैंड के पास प्यारे लाल की धर्मशाला पर तीन अज्ञात युवकों ने उन्हें बातचीत में उलझा लिया। आरोप है कि इसी दौरान युवकों ने उनके कानों से सोने के कुंडल उतरवा लिए।
कुंडल लेकर युवक वहां से जाने लगे तो महिला को घटना का पता चला। उन्होंने शोर मचाते हुए युवकों का पीछा किया, लेकिन आरोपी भाग निकले। पीड़िता रोती-बिलखती पड़ाव चौराहे स्थित पुलिस चौकी पहुंचीं और घटना की जानकारी पुलिसकर्मियों को दी। महिला का आरोप है कि चौकी पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने थाने जाकर तहरीर देने की बात कहकर उन्हें वहां से भेज दिया।
ईद के मौके पर कस्बे में चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात होने के बावजूद टप्पेबाजों द्वारा दिनदहाड़े घटना को अंजाम दिए जाने से पुलिस सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं। घटना के बाद आसपास के लोगों में भी दिनदहाड़े हुई टप्पेबाजी की चर्चा बनी रही
थाना प्रभारी उपेंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि महिला की तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है।

