हरदुआगंज: नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म की शिकायत पर पीड़िता के परिजनों को शांतिभंग में किया चालान, अब 12 के खिलाफ मुक़दमा

लोकेश चौधरी

अलीगढ मीडिया डिजिटल, हरदुआगंज। तालानगरी पुलिस चौकी अधीन के एक गांव की नाबालिग छात्रा ने तीन युवकों द्वारा तमंचे के बल पर सामूहिक दुष्कर्म करने तथा वीडियो बनाकर धमकाने के आरोप में रिपोर्ट दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि जब नामजदों के परिजनों से शिकायत तो उनके परिजनों ने उसे व उसकी मां और भाइयों के साथ मारपीट की। लेकिन थाना पुलिस ने मुक़दमा लिखने के बजाय पीड़िता के परिजनों के खिलाफ है शांति भंग की कार्रवाई कर दी| एसएसपी के आदेश पर हरदुआगंज पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर, मामले की जाँच शुरू कर दी है। फिलहाल आरोपी पुलिस गिरफ्त से बाहर हैं| 

अलीगढ मीडिया डिजिटल को मिली जानकारी के मुताबिक, 17 वर्षीय पीड़िता का आरोप है कि आकाश, वीरेश, ज्योति कुमार उसका स्कूल तथा खेत पर आते-जाते समय पीछा करते व भद्दे कमेंट करते थे। दो माह पहले जून में नामजद उसे खेत में खींचकर ले गए जहां तमंचे के बल पर जबरन सामूहिक दुष्कर्म किया। मोबाइल से उसकी वीडियो बना ली, धमकी दी यदि घर बताया तो वीडियो वायरल कर उसके भाइयों को मार देंगे। पीड़िता की शिकायत के अनुसार धमकी से डरकर उसने घर नहीं बताया। आरोप है कि 11 अगस्त को नामजदों ने उसके तीन भाइयों को रास्ते में रोककर धमकाया और दुष्कर्म की बात कही, जिसका विरोध करने कर पर भाइयों को पीटा। कुछ घंटे बाद नामजद युवक अपने परिजनों संग लाठी-डंडे व लोहे की रॉड लेकर घर में घुस आये और परिवार में मौजूद सभी को पीटा।

थाने शिकायत की तो पुलिस ने दोनों पक्षों का शांति-भंग में चालान कर मामला रफा-दफा कर दिया। 13 अगस्त को भी नामजदों द्वारा मारपीट किए जाने का आरोप है, जिसमें पीड़िता उसके भाई और मां को चोट आई जिनका जेएन मेडिकल में उपचार चल रहा है। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने नामजद आकाश, वीरेश, ऋषि, ज्योति कुमार, गगन, हरेंद्र, हरीश, प्रेमकुमार, सचिन, बादल, सूरज, कान्हा समेत 12 अज्ञातों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कर ली है। एसपीआरए मनीष मिश्रा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज की गई है, मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।