अतरौली: मानकों में गड़बड़ी पर स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई, नव्या अल्ट्रासाउंड सेंटर सील

Aligarh Media Desk

 

मदन वर्मा, अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अतरौली| मरीजों के स्वास्थ्य और सरकारी मानकों के अनुपालन को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने रविवार को बड़ी कार्रवाई की। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के सामने गोधा रोड पर संचालित नव्या अल्ट्रासाउंड सेंटर को टीम ने सील कर दिया। एसीएमओ डॉ. सुशील कुमार जैन के नेतृत्व में गठित टीम में तहसीलदार राजेश वर्मा, सीएचसी अधीक्षक डॉ. अवनेंद्र यादव, एआरओ केशव गौड़ के साथ पुलिस बल भी शामिल रहा। दोपहर करीब 12 बजे सभी अधिकारी सेंटर पर पहुंचे और जांच के बाद उसे तत्काल सील करने के आदेश दिए।


सूत्रों के अनुसार स्वास्थ्य विभाग को सेंटर के संचालन में कुछ अनियमितताओं की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के चलते बिना पूर्व सूचना के छापेमारी की गई। जांच के दौरान सेंटर से जुड़े दस्तावेज और उपकरणों का भी अवलोकन किया गया। 

सीलिंग के दौरान मौजूद एसीएमओ डॉ. सुशील कुमार जैन ने मीडिया से बातचीत में कहा, _"सेंटर को किन कारणों से सील किया गया है इसकी विस्तृत जानकारी सीएमओ कार्यालय से ही दी जाएगी। विभागीय जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।"

वहीं तहसीलदार राजेश वर्मा ने बताया कि _"स्वास्थ्य विभाग द्वारा सेंटर को सील करने के लिए प्रशासनिक और कानून व्यवस्था बनाए रखने हेतु पुलिस सहायता मांगी गई थी। विभाग के अनुरोध पर हम मौके पर पहुंचे और प्रक्रिया पूरी कराकर सेंटर को सील कराया गया है।"_ 

सीएचसी अधीक्षक डॉ. अवनेंद्र यादव ने कहा कि जिले में अवैध और मानक विहीन रूप से चल रहे डायग्नोस्टिक सेंटरों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। मरीजों से किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


कार्रवाई की सूचना मिलते ही सेंटर के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई। मरीजों को वापस लौटना पड़ा। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जांच पूरी होने और सभी मानकों के पूर्ण होने के बाद ही सेंटर को दोबारा खोला जाएगा। 

फिलहाल पुलिस की मौजूदगी में सेंटर को सील कर दिया गया है और आगे की कार्रवाई सीएमओ कार्यालय के निर्देश पर की जाएगी।