डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने अलीगढ़ में पं. दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर चित्र प्रदर्शनी का किया लोकार्पण

Aligarh Media Desk


अंत्योदय की भावना को धरातल पर उतार रही है डबल इंजन सरकार - केशव प्रसाद मौर्य

अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़ | उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को अलीगढ़ पहुंचे। अलीगढ़ हवाई अड्डे पर मान प्रणाम ग्रहण करने के बाद उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जन्म जयंती एवं सेवा संकल्प अभियान माह के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रमों में शिरकत की।

कोल विधायक अनिल पाराशर एवं उनके परिवार द्वारा आयोजित श्री हनुमंत चरित्र कथा के समापन अवसर पर डिप्टी सीएम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने कथा स्थल पर व्यासपीठ का आशीर्वाद लिया, हवन कुंड में आहुति देकर सभी के मंगलमय जीवन की कामना की और उपस्थित श्रद्धालुओं, पार्टी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, पार्षदों, बुजुर्गों, माताओं-बहनों को संबोधित किया।

इससे पहले उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की जयंती पर लगाई गई चित्र प्रदर्शनी का फीता काटकर उद्घाटन और अवलोकन किया|


डिप्टी सीएम ने क्या कहा

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय के दर्शन को केंद्र और प्रदेश की सरकार योजनाओं के माध्यम से धरातल पर उतार रही है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार गरीब, वंचित और जरूरतमंद वर्ग के कल्याण के लिए लगातार काम कर रही है। पंडित जी के विचार आज भी सामाजिक समरसता, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण की दिशा में मार्ग प्रशस्त करते हैं।


उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी और पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि जब भी भाजपा को सरकार बनाने का अवसर मिला, अंत्योदय के विचारों को साकार करने का प्रयास किया गया।

राम मंदिर का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि पर भव्य मंदिर का निर्माण श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़ा विषय रहा है। इसी धरती से निकले अशोक सिंघल जी के नेतृत्व में कारसेवकों ने कठिन परिस्थितियों में भी अपनी भूमिका निभाई। आज अयोध्या में भगवान श्रीराम का भव्य मंदिर श्रद्धालुओं के लिए आस्था का प्रमुख केंद्र बन चुका है।


उन्होंने केंद्र सरकार की योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि पीएम गरीब कल्याण योजना से करोड़ों लोगों को निशुल्क खाद्यान्न मिल रहा है। पीएम आवास योजना, स्वास्थ्य सेवाओं और कानून व्यवस्था के क्षेत्र में हुए कार्यों से प्रदेश विकास की राह पर है। विकसित भारत के संकल्प के साथ विकसित उत्तर प्रदेश के निर्माण में यूपी की अहम भूमिका होगी।

कार्यक्रम में पाराशर परिवार की ओर से उप मुख्यमंत्री को श्री हनुमान जी की प्रतिमा और गदा भेंट कर अभिवादन किया गया|


कार्यक्रम में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में सांसद सतीश गौतम, सांसद अनूप प्रधान, एमएलसी डॉ. मानवेन्द्र प्रताप सिंह, चौधरी ऋषिपाल सिंह, महापौर प्रशांत सिंघल, विधायक छर्रा ठा. रवेन्द्र पाल सिंह, विधायक इगलास राजकुमार सहयोगी, जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह, जिला महामंत्री शिवनारायण शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष चौ. देवराज सिंह, ठा. गोपाल सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।