अलीगढ़ में डिप्टी सीएम के बयान पर BSP नेता का पलटवार, कहा - नगर निगम ने 6 महीने में 100 बार सड़क तोड़ने-बनाने की विधि खोजी

Aligarh Media Desk

 अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। शुक्रवार को उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के अलीगढ़ आगमन पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई। बहुजन समाज पार्टी के पूर्व महापौर प्रत्याशी सलमान शाहिद ने डिप्टी सीएम के एक बयान पर विरोध दर्ज कराते हुए अलीगढ़ नगर निगम पर गंभीर आरोप लगाए हैं।


दरअसल उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने हाल ही में कहा था कि सड़क टूटेगी नहीं तो बनेगी कैसे। इसी बयान को लेकर सलमान शाहिद ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि अलीगढ़ नगर निगम ने सड़क निर्माण की एक ऐसी विधि तैयार कर ली है जिससे नवनिर्मित सड़कें 6 महीने के अंदर 100 बार टूटती हैं और 100 बार बनती हैं।


पूर्व महापौर प्रत्याशी ने तंज कसते हुए कहा कि उपमुख्यमंत्री जी को एक बार अलीगढ़ के जोधपुर रोड पर आकर इस विधि को समझना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार के झंडे गाड़ चुकी अलीगढ़ नगर निगम की इस तकनीक को समझकर इस व्यवस्था को पूरे प्रदेश में लागू करने का काम करें, जिससे नवनिर्मित सड़कें जल्द से जल्द टूटती रहें और बनती रहें और उपमुख्यमंत्री जी की जो सोच है वह भी लागू होती रहे।


सलमान शाहिद ने कहा कि नगर निगम की इस कार्यप्रणाली का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। टूटी हुई सड़कों, गड्ढों, जलभराव और धूल के कारण स्कूली बच्चों, उनके अभिभावकों, अस्पताल जाने वाले मरीजों और स्थानीय व्यापारियों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। गुणवत्ता विहीन सड़क निर्माण और बार-बार मरम्मत के नाम पर सरकारी धन का दुरुपयोग किया जा रहा है।



उन्होंने कहा कि विकास के नाम पर हो रहे इस खेल से सिर्फ ठेकेदार और भ्रष्ट तंत्र को फायदा पहुंच रहा है, जबकि आम लोग बदहाल सड़कों पर चलने को मजबूर हैं। जनता अब इस व्यवस्था से त्रस्त हो चुकी है।


अंत में उन्होंने कहा कि सरकार के इस दमन का एहसास अब लोगों को हो रहा है और लोग कह रहे हैं कि कमल का फूल सबसे बड़ी भूल है। उन्होंने मांग की कि जोधपुर रोड सहित शहर की सभी नवनिर्मित सड़कों की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और दोषी अधिकारियों व ठेकेदारों पर सख्त कार्रवाई की जाए।