अलीगढ़ के किशनपुर वार्ड में ADA फेस-1 रोड बदहाल, हादसों को दे रहा दावत

Aligarh Media Desk

 


अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। किशनपुर वार्ड की ADA फेस-1 रोड की हालत बद से बदतर होती जा रही है। रामघाट रोड से उदय विहार और महर्षि स्कूल कॉलोनी को जोड़ने वाला यह मुख्य मार्ग पूरी तरह से टूट चुका है। जगह-जगह गहरे गड्ढे और उखड़ी हुई गिट्टियां हादसों को न्योता दे रही हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले कई महीनों से सड़क की मरम्मत नहीं हुई है। बरसात के बाद हालत और ज्यादा खराब हो गई है। तिराहे पर तो सड़क का नामोनिशान ही मिट चुका है। दोपहिया वाहन चालकों के लिए यह तिराहा सबसे खतरनाक बन गया है। जरा सी चूक पर गाड़ी गड्ढे में चली जाती है और लोग चोटिल हो जाते हैं।


आए दिन हो रहे हादसों से क्षेत्र के लोग परेशान हैं। सुबह और शाम के समय जब महर्षि स्कूल कॉलोनी और उदय विहार के लोग ऑफिस और स्कूल के लिए निकलते हैं तो जाम की स्थिति बन जाती है। खराब सड़क के कारण वाहन धीरे-धीरे रेंगते हैं। कई बार ऑटो और ई-रिक्शा पलटने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। रात के समय स्ट्रीट लाइट की कमी और टूटी सड़क हादसों के खतरे को और बढ़ा देती है।


दुकानदारों का व्यापार ठप

इस तिराहे पर मौजूद दुकानदारों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क टूटी होने से दिनभर धूल उड़ती रहती है, जिससे दुकानों में रखा सामान खराब हो रहा है। ग्राहक भी टूटी सड़क के कारण दुकानों तक आने से कतराते हैं। दुकानदारों का कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हुई है, जिससे उनका व्यापार आधा रह गया है।


हजारों लोगों की लाइफलाइन है यह सड़क

उदय विहार और महर्षि स्कूल कॉलोनी के निवासियों ने बताया कि यह सड़क हजारों लोगों की लाइफलाइन है। स्कूली बच्चों को भी इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है, जिससे हमेशा अनहोनी का डर बना रहता है। स्थानीय लोगों ने बताया कि हल्की बारिश में ही तिराहे पर जलभराव हो जाता है, जिससे गड्ढों का अंदाजा नहीं लग पाता और हादसे होते हैं।

क्षेत्रीय लोगों ने अलीगढ़ विकास प्राधिकरण (ADA) और नगर निगम से जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि अगर जल्द ही इस मुख्य मार्ग को नहीं बनाया गया तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल सभी की निगाहें प्रशासन पर टिकी हैं कि कब इस बदहाल सड़क की सुध ली जाएगी।