Breaking: अधिशासी अभियंता राहुल बाबू पर महिला कर्मचारी से अभद्र व्यवहार का आरोप, 3 सदस्यीय जांच समिति गठित

Aligarh Media Desk


अलीगढ़ मीडिया. डिजिटल, अलीगढ़
। उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के अंतर्गत विद्युत वितरण मण्डल-प्रथम, अलीगढ़ से महिला उत्पीड़न और मानसिक शोषण का सनसनीखेज मामला सामने आया है। विद्युत वितरण खण्ड-तालानगरी में तैनात एक महिला कार्यकारी सहायक ने अधिशासी अभियंता पर गंभीर आरोप लगाते हुए अधीक्षण अभियंता से न्याय की गुहार लगाई है। मामले को गंभीरता से लेते हुए अधीक्षण अभियंता ने 3 सदस्यीय जांच समिति का गठन कर 10 कार्यदिवस में रिपोर्ट तलब की है।

क्या है पूरा मामला?

प्राप्त शिकायती पत्र के अनुसार, दिनांक 29-09-2026, दिन मंगलवार को प्रार्थिया श्रीमती अल्का चौहान, कार्यकारी सहायक, विद्युत वितरण खण्ड-तालानगरी को इं० राहुल बाबू कटियार, अधिशासी अभियंता द्वारा अपने चैम्बर में विभागीय कार्य से बुलाया गया था।

शिकायत में आरोप है कि अधिशासी अभियंता ने बिना किसी कारण के चीखते हुए कहा कि **"अगर तुम आदमी होते तो मैं तुम्हें थप्पड़ मार देता, चली जाओ यहाँ से नहीं तो थप्पड़ मार दूंगा"**। महिला कर्मचारी के विरोध करने पर उन्हें ऑफिस से बाहर निकाल दिया गया।

पहले भी अभद्र भाषा के आरोप

पीड़िता ने अपने शिकायती पत्र में यह भी उल्लेख किया है कि यह पहला मामला नहीं है। आरोप है कि इं० राहुल बाबू कटियार द्वारा पूर्व में भी कई बार "गाली दे दूंगा, भगा दूंगा" जैसे अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया, लेकिन भय के कारण वह शिकायत नहीं कर सकीं।

अधीक्षण अभियंता ने लिया संज्ञान, जांच समिति गठित

अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मण्डल प्रथम, अलीगढ़ के पत्रांक 5568/विविमंप्रअली०/ई०/शिकायत दिनांक 29-09-2026 के आधार पर मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए गए हैं।

महिला उत्पीड़न से जुड़े इस प्रकरण की जांच के लिए निम्न 3 सदस्यीय समिति बनाई गई है:

1. इं० अमित कुमार गौतम, अधीक्षण अभियंता, विद्युत वितरण मण्डल-द्वितीय, अलीगढ़

2. इं० प्रेरणा, सहायक अभियंता, क्षेत्रीय वितरण कार्यालय, अलीगढ़

3. श्रीमती नेहा पवार, सहायक लेखाकार, विद्युत परीक्षण खण्ड-प्रथम, अलीगढ़

आदेश में कहा गया है कि जांच समिति 10 कार्यदिवस के भीतर विस्तृत और सुस्पष्ट जांच आख्या अधोहस्ताक्षरी को प्रेषित करेगी। आदेश अरविन्द नायक द्वारा जारी किया गया है।

अब आगे क्या?

इस मामले के बाद अलीगढ़ विद्युत विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। महिला आयोग और UPPCL प्रबंधन की नजर भी इस जांच रिपोर्ट पर रहेगी।