अलीगढ़: छर्रा अनाज मंडी में मारपीट के बाद बवाल, मंडी बंद कर किया प्रदर्शन

Aligarh Media Desk

अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़| छर्रा थाना क्षेत्र स्थित अनाज मंडी में मजदूर के साथ मारपीट को लेकर जमकर बवाल हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने मंडी को बंद करा दिया और जमकर हंगामा किया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।

बताया जा रहा है कि अनाज मंडी में एक आड़ती पर मजदूर के साथ मारपीट का आरोप लगा। मजदूर के साथ मारपीट की सूचना परिजन और समर्थक आक्रोशित हो गए और मंडी पहुंच गए। गुस्साए लोगों ने आड़ती के मुनीम को जमकर पीटा। मारपीट की पूरी घटना किसी ने मोबाइल में कैद कर ली, जो अब तेजी से वायरल हो रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर छर्रा थाना पुलिस के साथ भारी संख्या में पुलिस फोर्स पहुंच गई। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने मंडी में कामकाज ठप करा दिया और दोषी आड़ती के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन शुरू कर दिया।

पुलिस ने हंगामा कर रहे कई लोगों को हिरासत में लिया है। फिलहाल मंडी में तनाव की स्थिति बनी हुई है और पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की जांच की जा रही है और दोनों पक्षों से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के मुताबिक 10:30 बजे रात की घटना है, जहां पर PRV पर एक सूचना प्राप्त हुई थी कि एक व्यक्ति एक्सीडेंट से घायल हो गया है। सूचना प्राप्त होने के पश्चात PRV तत्काल मौके पर पहुंची थी, जहां पर ज्ञात हुआ कि राजू नाम का एक व्यक्ति है जो कि पल्लेदारी का वहां पर काम करता था, एक्सीडेंट से घायल हुआ है। उसको उपचार हेतु अस्पताल उसके बाद भिजवा दिया गया था।

आज सोमवार को अस्पताल से उसके परिजन एम्बुलेंस लेकर के उसको आए थे मंडी के पास वहां सड़क पर, उनके साथ गांव वाले भी थे, परिजन थे, वे इकट्ठा थे। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी, उनको वहां से हटा दिया गया था। घायल के परिजन के द्वारा तहरीर दी गई थी, उस पर अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है, विधिक कार्यवाही की जा रही है।