अलीगढ मीडिया डिजिटल, छर्रा /अलीगढ़। थाना पाली मुकीमपुर क्षेत्र में पत्रकार के माता-पिता के साथ कथित मारपीट और अभद्रता का मामला सामने आया है। पत्रकार ने संबंधित थाने में प्रार्थना पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बदायूं जनपद के सहसवान क्षेत्र के ग्राम सोनबुढ़ी निवासी पत्रकार संद्प्रकाश पुत्र तेजपाल ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनके माता-पिता कुछ दिन पूर्व अलीगढ़ जनपद के थाना पाली मुकीमपुर क्षेत्र के ग्राम सिसई में अपने रिश्तेदारों के यहां गए थे। वहां मकान पर छत डलवाने के कार्य के सिलसिले में वे रुके हुए थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार, 23 सितंबर 2026 की शाम करीब 6:30 बजे उन्हें माता-पिता के साथ विवाद होने की जानकारी मिली। आरोप है कि इस दौरान उनके माता-पिता के साथ मारपीट की गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पत्रकार ने संबंधित व्यक्ति से फोन पर बातचीत की। आरोप है कि बातचीत के दौरान उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकी दी गई।
पत्रकार ने अपने प्रार्थना पत्र में बताया कि फोन पर हुई बातचीत की ऑडियो रिकॉर्डिंग उनके पास सुरक्षित है, जिसे वह जांच के दौरान पुलिस को उपलब्ध कराने के लिए तैयार हैं।
पत्रकार संद्प्रकाश ने थाना प्रभारी पालीमुकीमपुर से मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग की है।

