अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। मौसम में बदलाव और भारी बारिश के अंदेशे को देखते हुए अलीगढ़ जिला प्रशासन ने छात्रों की सुरक्षा को लेकर बड़ा फैसला लिया है। शनिवार को जिले के सभी सरकारी और निजी स्कूल बंद रहेंगे। बेसिक शिक्षा विभाग ने प्री-प्राइमरी से कक्षा 12वीं तक के सभी बोर्ड के स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया है।
बेसिक शिक्षा अधिकारी और सहायक सूचना आयुक्त ने भी स्कूलों में अवकाश की पुष्टि की है। यह आदेश जिले के सभी सीबीएसई, आईसीएसई, यूपी बोर्ड और बेसिक शिक्षा परिषद के स्कूलों पर लागू होगा।
दरअसल शुक्रवार से ही अलीगढ़ में मौसम का मिजाज बदला हुआ है। दिनभर आसमान में बादल छाने और हटने का सिलसिला चलता रहा। सुबह से ही धूप और बादलों के बीच लुकाछिपी जारी रही। रात होते-होते ठंडी हवाओं ने दस्तक दी, जिसके कारण तापमान में अचानक गिरावट दर्ज की गई।
मौसम विभाग के अनुसार पिछले तीन दिनों में अलीगढ़ के अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आई है। शुक्रवार को अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया, जबकि इससे पहले यह 33 से 34 डिग्री सेल्सियस तक बना हुआ था। न्यूनतम तापमान में भी 2 से 3 डिग्री की कमी आई है।
मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे में हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इसी अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने एहतियातन स्कूलों में छुट्टी का निर्णय लिया है।
अभिभावकों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और अपने बच्चों को बारिश के दौरान जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रखें।

