अतरौली| खत्रीपाड़ा में फिर बढ़ा बंदरों का आतंक, राहगीरों पर हमले से दहशत

madan pal singh

 


अलीगढ मीडिया डिजिटल, अतरौली। नगर क्षेत्र के मोहल्ला खत्री पाड़ा में एक बार फिर बंदरों का आतंक बढ़ता जा रहा है। मोहल्ले में बड़ी संख्या में बंदर घूम रहे हैं और आए दिन राहगीरों तथा स्थानीय लोगों को परेशान कर रहे हैं। स्थिति यह है कि रास्ते से गुजर रहे लोगों पर बंदर अचानक हमला कर देते हैं, जिससे लोगों में भय का माहौल बना हुआ है।


स्थानीय लोगों के मुताबिक बंदरों के झुंड गलियों, मकानों की छतों और रास्तों पर दिनभर घूमते रहते हैं। कई बार बंदर लोगों का सामान छीनने का प्रयास करते हैं तो कभी अचानक पीछे से हमला कर देते हैं। बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को घरों से निकलते समय भी सतर्क रहना पड़ता है।


बताया गया कि कुछ समय पहले नगर पालिका की ओर से बंदरों को पकड़ने के लिए अभियान चलाया गया था। अभियान के दौरान कई बंदरों को पकड़ा भी गया था, जिसके बाद लोगों ने राहत की सांस ली थी। हालांकि अब एक बार फिर मोहल्ले में बंदरों की संख्या बढ़ती नजर आ रही है और उनका आतंक लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है।


स्थानीय नागरिकों ने नगर पालिका प्रशासन से मांग की है कि मोहल्ले में दोबारा बंदर पकड़ने का अभियान चलाया जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो बंदरों के हमले में कोई व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो सकता है। नागरिकों ने नगर पालिका से समस्या का स्थायी समाधान कराने की मांग की है।