खैर तहसील में लेखपाल के भ्रष्टाचार पर बवाल, किसानों ने किया SDM कार्यालय का घेराव

Aligarh Media Desk

अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, खैर, अलीगढ़। अलीगढ़ जनपद की खैर तहसील में आज किसानों की समस्याओं और राजस्व विभाग के लेखपाल पर लगे गंभीर भ्रष्टाचार के आरोपों को लेकर भारतीय हलधर किसान यूनियन ने जिलाध्यक्ष रंजीत चौधरी ने नेतृत्व में जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। तहसील खैर टीम द्वारा उठाई गई किसान समस्या पर संगठन ने पूरे कुनबे के साथ उप जिला अधिकारी (SDM) खैर के कार्यालय का घेराव किया। SDM की अनुपस्थिति में तहसीलदार ने मौके पर पहुंचकर संगठन की बात सुनी और मामले में कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार खैर तहसील क्षेत्र के ग्राम गणेशपुर सहित आसपास के गांवों के किसानों ने संबंधित लेखपाल पर मनमानी और भ्रष्टाचार की हद पार करने का आरोप लगाया है। किसानों का कहना है कि दाखिल-खारिज, वरासत, नपाई और अन्य राजस्व कार्यों के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। गरीब और छोटे किसानों को जानबूझकर परेशान किया जा रहा है।

इसको लेकर तहसील खैर टीम ने पहले भी कई बार शिकायत की थी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने पर आज संगठन ने आर-पार की लड़ाई का मन बनाते हुए पूरे जोर-शोर से आवाज उठाई।


SDM कार्यालय का घेराव, तहसीलदार को दिखाए काले कारनामों के साक्ष्य

आज दोपहर बड़ी संख्या में किसान और संगठन के पदाधिकारी कुनबे सहित तहसील परिसर पहुंचे और उप जिला अधिकारी खैर के कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी की। मौके पर SDM के मौजूद न होने पर तहसीलदार महोदय ने खुद मोर्चा संभाला और प्रदर्शनकारी किसानों से बातचीत की।

संगठन के पदाधिकारियों ने तहसीलदार महोदय के समक्ष लेखपाल के कथित काले कारनामों से जुड़े साक्ष्य प्रस्तुत किए। बताया जा रहा है कि साक्ष्यों को देखकर तहसीलदार महोदय भी हैरान रह गए। किसानों ने लिखित शिकायत के साथ ऑडियो, वीडियो और अन्य दस्तावेजी प्रमाण भी सौंपे हैं।


तहसीलदार ने दिया FIR और निलंबन का पूर्ण आश्वासन

सभी साक्ष्यों और किसानों की बात सुनने के बाद तहसीलदार महोदय ने संगठन को पूर्ण आश्वासन दिया कि संबंधित लेखपाल के खिलाफ जल्द ही मुकदमा दर्ज कर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। प्रशासन के इस आश्वासन के बाद सर्वसम्मति से घेराव समाप्त किया गया। तहसीलदार के आश्वासन के बाद किसानों में प्रशासन के प्रति भरोसा लौटा है, लेकिन संगठन ने साफ चेतावनी दी है कि अगर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।


घेराव में ये रहे मौजूद

इस मौके पर संगठन के कई बड़े पदाधिकारी और सैकड़ों ग्रामीण मौजूद रहे। प्रमुख रूप से युवा जिला अध्यक्ष आकाश जादौन, जिला शिक्षा प्रकोष्ठ से विशाल शर्मा, तहसील अध्यक्ष विजय चौधरी, उपाध्यक्ष करण चौधरी, महासचिव मनोज शर्मा, संगठन मंत्री हरीश शर्मा, ग्राम अध्यक्ष प्रेम सिंह चौधरी, ग्राम अध्यक्ष यश वीर सिंह सहित गणेशपुर के सभी पदाधिकारी गण और बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।


किसानों में आक्रोश, बोले- अब बर्दाश्त नहीं होगा भ्रष्टाचार

किसानों का कहना है कि लेखपाल जैसे जिम्मेदार पद पर बैठा व्यक्ति ही अगर किसानों का शोषण करेगा तो किसान कहां जाएगा। संगठन ने कहा है कि यह लड़ाई सिर्फ एक गांव की नहीं, बल्कि पूरे तहसील के किसान हित की लड़ाई है। भ्रष्टाचार के खिलाफ यह मुहिम आगे भी जारी रहेगी।

फिलहाल तहसील प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। अब सभी की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि संबंधित लेखपाल पर कब तक FIR और निलंबन की कार्रवाई होती है।