![]() |
| (फोटो श्रोत: स्वंम) |
अलीगढ मीडिया डिजिटल, लखनऊ/अतरौली। अलीगढ़ की अतरौली विधानसभा की राजनीति में उस वक्त हलचल तेज हो गई जब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से अतरौली के सक्रिय युवा नेता गगन लोधी ने लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय पर मुलाकात कर आशीर्वाद लिया।
बताया जा रहा है कि मुलाकात के दौरान अखिलेश यादव ने गगन लोधी की पीठ थपथपाते हुए उनका हौसला बढ़ाया और कहा -“मेरा शेर, मेहनत करते रहो... बाकी मैं सब देख रहा हूं, मेरी नजर तुम पर ही है।” राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस भरोसे भरे संदेश के बाद से ही अतरौली की सियासत में चर्चाओं का बाजार गर्म है।
गगन लोधी लंबे समय से अतरौली विधानसभा क्षेत्र में लगातार सक्रिय हैं। गांव-गांव जाकर जनता से संपर्क, युवाओं के शिक्षा और रोजगार के मुद्दे तथा क्षेत्र के विकास को लेकर वह लगातार आवाज उठाते रहे हैं।
इस मुलाकात के बाद गगन लोधी ने कहा कि नेतृत्व का भरोसा उनके लिए किसी भी पद से बड़ा है। समाजवादी विचारधारा और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व में अतरौली की जनता के बीच उनका संघर्ष लगातार जारी रहेगा।
वहीं अखिलेश यादव द्वारा दिए गए इस संदेश के बाद गगन लोधी के समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। राजनीतिक गलियारों में इस मुलाकात को अतरौली विधानसभा में समाजवादी पार्टी की आगामी 2027 की रणनीति के लिहाज से काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
हालांकि विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अभी किसी भी प्रत्याशी के नाम की आधिकारिक घोषणा पार्टी नेतृत्व द्वारा नहीं की गई है, लेकिन इस मुलाकात और राष्ट्रीय अध्यक्ष के संदेश ने गगन लोधी की दावेदारी को लेकर सियासी चर्चाओं को जरूर गर्म कर दिया है।
गगन लोधी का कहना है- “संघर्ष जारी है, मेहनत जारी है और नेता का आशीर्वाद साथ है। अब अतरौली की जनता के बीच और मजबूती से काम करना है।”

