अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। अलीगढ़ पुलिस ने आम जनता का भरोसा एक बार फिर जीता है। सर्विलांस सेल और जिले के विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने CEIR पोर्टल पर दर्ज शिकायतों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न कंपनियों के कुल 200 खोए / गुम हुए मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों की बाजार में कुल कीमत 34 लाख 16 हजार 322 रुपये बताई जा रही है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अलीगढ़ के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण मनीष कुमार मिश्र के नेतृत्व में यह विशेष अभियान चलाया गया था। सर्विलांस सेल की टीम ने तकनीकी सहायता और लगातार ट्रैकिंग से इन मोबाइलों को देश के अलग-अलग हिस्सों से बरामद किया।
सोमवार को पुलिस लाइन में आयोजित मोबाइल वितरण समारोह में एसएसपी द्वारा सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को सौंपे गए। महीनों पहले अपना फोन खो चुके लोगों को जब उनका मोबाइल वापस मिला तो उनके चेहरे पर खुशी साफ देखी गई। लोगों ने अलीगढ़ पुलिस की इस पहल की जमकर सराहना की और धन्यवाद दिया।
क्या है CEIR पोर्टल?
एसएसपी ने बताया कि यदि किसी का मोबाइल गुम या चोरी हो जाता है तो तुरंत ceir.sancharsaathi.gov.in पर जाकर शिकायत दर्ज करें। इस पोर्टल से मोबाइल को ब्लॉक किया जा सकता है, जिससे उसका गलत इस्तेमाल नहीं हो पाता और पुलिस को उसे खोजने में आसानी होती है।

