Aligarh: किशनपुर में सड़क निर्माण से पहले अतिक्रमण पर चला नगर निगम का जेसीबी

प्रवीन कुमार, ब्यूरो चीफ अलीगढ़

अलीगढ़ मीडिया डिजिटल,   अलीगढ़। नगर निगम के वार्ड नंबर 33 किशनपुर में  फेस-1 से राजकीय कॉलोनी को जोड़ने वाली सड़क के निर्माण कार्य में बाधा बने अतिक्रमण को नगर निगम की टीम ने हटवा दिया। सीएम ग्रिड योजना के तहत प्रस्तावित सड़क निर्माण को लेकर टीम ने मुख्य मार्ग पर कार्रवाई की।

बताया गया कि कॉलोनी के मुख्य मार्ग पर कई स्थानों पर लोगों ने रेलिंग, सीढ़ियों और अन्य निर्माण के जरिए सड़क की काफी चौड़ाई घेर रखी थी। इससे सड़क निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा था। नगर निगम की टीम जेसीबी और मजदूरों के साथ मौके पर पहुंची और अतिक्रमण को ध्वस्त कराया।

कार्रवाई के दौरान सड़क की सीमा में आने वाली रेलिंग और सीढ़ियों को मजदूरों की मदद से तुड़वाया गया। इसके बाद मौके पर निकले मलबे को भी हटवाकर भिजवाया गया, ताकि सड़क निर्माण का काम सुचारु रूप से शुरू हो सके।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मुख्य मार्ग पर अतिक्रमण के कारण सड़क पहले से ही संकरी हो गई थी। अब नगर निगम की कार्रवाई के बाद सड़क निर्माण के लिए पर्याप्त जगह उपलब्ध होने की उम्मीद है। नगर निगम की टीम ने सड़क की सीमा में दोबारा अतिक्रमण न करने की हिदायत भी दी।