गैरकानूनी काम करने वालों के विरुद्द ज़ीरो टॉलरेंस के तहत कठोरतम कार्यवाई की जाए: DM

Aligarh Media Desk


अलीगढ मीडिया डॉट कॉम, अलीगढ़10सितम्बर(सूवि)| जिला मजिस्ट्रेट इंद्र विक्रम सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कलानिधि नैथानी द्वारा लोधा में आयोजित थाना समाधान दिवस में उपस्थित लोगों की समस्याओं शिकायतों को सुना गया। डीएम ने कहा कि शासन की मंशा है कि भूमि विवाद से जुड़े मामलों का निराकरण पुलिस एवं राजस्व की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर किया जाए। एसएसपी ने कहा कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था मजबूत रहे। थाना एवं चौकी प्रभारी सूचना तंत्र मजबूत करने के साथ ही लोगों से संवाद स्थापित करें। संवादहीनता की स्थिति में ही एक छोटी सी घटना बड़ा रूप ले लेती है। यदि किसी व्यक्ति ने कानून से बाहर जाकर कोई कृत्य किया है तो तत्काल उसके विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई अमल में लाई जाए।     


 ज़िला मजिस्ट्रेट आई वी सिंह ने लेखपालों को संबोधित करते हुए थाना समाधान दिवस की मंशा के बारे में विस्तार से जानकारी दी।उन्होंने कहा कि जमीनी विवाद जैसे चकरोड़, मेड़बंदी, बंटवारा, कुराबन्दी, नाली एवं सड़क, अतिक्रमण संबंधी विवाद के मामलों को राजस्व एवं पुलिस की टीम मौके पर जाकर उभयपक्षों को सुन निराकरण कराएं। अगले थाना दिवस का इंतजार ना किया जाए, बल्कि मामले का संज्ञान लेकर एसडीएम एवं सीओ को अवगत कराते हुए मौके पर जाकर दोनों पक्षों को सुन समस्या का स्थाई निराकरण किया जाए।


     लेखपालों एवं पुलिस कर्मियों को संबोधित करते हुए अधिकारियों ने निर्देशित किया कि प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार पर ज़ीरो टॉलरेंस के साथ कार्य कर रही है। जनशिकायतों समस्याओं को प्राथमिकता से निस्तारण करना है। शासन के निर्देश हैं कि जब तक शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं होता निस्तारण नहीं माना जायेगा। इसलिए आवश्यक है कि गुणवत्तापूर्ण पारदर्शिता के साथ समस्याओं का निस्तारण सुनिश्चित हो।