जनता से वित्तपोषित, UPI, PhonePe, और PayTM: 9219129243

राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी ’’अलीगढ़ महोत्सव’’ का हुआ उद्घाटन | AligarhNews

0



मा0 कैबिनेट मंत्री वित्त एवं संसदीय कार्य श्री सुरेश कुमार खन्ना ने "अलीगढ़-महोत्सव’’ का किया उद्घाटन

मा0 मंत्री श्री संदीप सिंह एवं श्री अनूप प्रधान की रही गरिमामयी उपस्थिति

रामायण नृत्य नाटिका मंचन से राममय हुई कृष्णाजंलि

अलीगढ मीडिया डॉट कॉम, अलीगढ़ 29 जनवरी 2023(सू0वि0) प्रदेश के मा0 कैबिनेट मंत्री वित्त एवं संसदीय कार्य श्री सुरेश कुमार खन्ना ने 143 वीं राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी का मा0 मंत्री बेसिक शिक्षा(स्वतंत्र प्रभार) श्री संदीप सिंह एवं मा0 राजस्व राज्यमंत्री श्री अनूप प्रधान की गरिमामयी उपस्थिति में मित्तल द्वार पर फीता काटकर शुभारम्भ किया। इसके उपरान्त उन्होंने मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विजय सिंह, मा0 सांसद श्री सतीश गौतम, मा0 विधायकगण श्री अनिल पाराशर, राजकुमार सहयोगी, ठा0 रवेन्द्रपाल सिंह, मा0 एमएलसी चै0 ऋषिपाल सिंह, डा0 मानवेन्द्र प्रताप सिंह, महानगर अध्यक्ष विवेक सारस्वत, जिला महामंत्री डा0 गोपाल माहेश्वरी, श्री आर0पी0 सिंह, प्रो0 चन्द्रशेखर कुलपति राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय, मण्डलायुक्त नवदीप रिणवा एवं जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह के साथ गुब्बारे व शान्ति के प्रतीक कबूतरों को उड़ाकर उल्लासमयी वातावरण में प्रदर्शनी के शुभारम्भ कार्यक्रम को आगे बढ़ाया।


          प्रदेश के मा0 कैबिनेट मंत्री वित्त एवं संसदीय कार्य श्री सुरेश कुमार खन्ना ने मित्तल द्वार पर परम्परागत रूप से प्रदर्शनी का शुभारम्भ करने के उपरान्त अपने सम्बोधन में कहा कि मुझे बताया गया है कि 100 वर्ष से अधिक पुराना इतिहास समेटे अलीगढ़ की गौरवशाली नुमाइश है। इसके आयोजन के लिये मैं जनपदवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हू। मा0 कल्याण सिंह जी की जन्मभूमि एवं कर्मभूमि को मैं नमन करता हूॅ। यह मशहूर कवि नीरज जी की भी धरती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के मेले-ठेले और विशेषकर नुमाइश अन्र्तआत्मा को खुशी देती है, आन्तरिक खुशी ही सफलता की निशानी है। इस प्रकार की गतिविधियों से बहुत से नवाचार का सृजन भी होता है।


          प्रदर्शनी शुभारम्भ के उपरान्त उद्योग मंडप एवं कृषि कक्ष का सह प्रभारी केन्द्रीय कार्यक्रम बैठक भाजपा आरपी सिंह, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी ने संयुक्त रूप से फीता काटा। पलवल होडल के ब्रजलोक कलाकारों में ढोल की थाप और नगाड़े की आवाज पर अतिथियों का स्वागत किया। इस दौरान श्री आर0पी0सिंह, मंडलायुक्त, डीएम, एडीएम ने भी ढोल एवं नगाड़े को बजाकर जनपदवासियों के मध्य ’’अलीगढ़ महोत्सव’’ का आगाज किया। मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विजय सिंह मंडलायुक्त, श्री आरपी सिंह, जिलाधिकारी एवं एडीएम सिटी ने गांधी प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के पश्चात दरबार हॉल पर ध्वजारोहण किया। सभी अतिथियों ने कृष्णाजंलि नाट्यशाला में माँ सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन किया। नन्हें मुन्ने बच्चों ने विघ्नहर्ता श्री गणेशजी जी की भाव नृत्य कर स्तुति की। आरपी सिंह, मंडलायुक्त, जिलाधिकारी द्वारा महा कवि नीरज एवं शहीद स्तम्भ पर माल्यार्पण कर शहीदों को नमन किया गया। उद्घाटन समारोह में मा0जनप्रतिनिधियों एवं उच्चाधिकारियों का पुष्प गुच्छ देकर स्वागत किया गया।


          मण्डलायुक्त नवदीप रिणवा की अध्यक्षता में आयोजित हो रहे ’’अलीगढ़ महोत्सव के उद्घाटन समारोह में लेजर शो के माध्यम से प्रदेश की सीमाओं से सटे अन्य जिलो, प्रदेश की सीमाओं को समझाया गया। ताला, तालीम और शिक्षा के क्षेत्र में अपना स्थान बनाये अलीगढ़ में स्थापित राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्व विद्यालय, डिफेंस कॉरिडोर को भी दर्शाया गया। लेजर शो के माध्यम से महापुरुषों, शहीदों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों को भी याद किया गया। नुमाइश उद्घाटन का सफल सजीव प्रसारण डी न्यूज नेटवर्क द्वारा किया गया। कृष्णाजंलि में लेजर शो के माध्यम से अवधपुरी और रामायण, शिव तांडव नृत्य के बारे में भी विस्तार से समझाया गया। जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह की विशेष पहल पर सम्पूर्ण रामायण को एक नाटिका के रूप में बड़े ही मनमोहक तरीके से प्रस्तुत किया गया।


          सह प्रभारी केन्द्रीय कार्यक्रम बैठक भाजपा आरपी सिंह ने कृष्णाजंलि नाट्यशाला में आयोजित उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि हमारा जिला प्रशासन जिस कटिबद्धता के साथ प्रत्येक वर्ष नुमाइश का आयोजन कराता है, उसके लिये वह बधाई का पात्र है। अयोध्या से आये मण्डलायुक्त ने अलीगढ़ को भी राममय कर दिया है। प्राचीन समय में मनोरंजन का साधन मेले और नुमाइश ही होते थे, आज कृषि, उद्योग एवं अन्य क्षेत्रों में मा0 मोदी जी ने अभूतपूर्व कार्य किये हैं। उन्होंने विभिन्न प्रकार की योजनाओं को गिनाते हुए कहा कि मोदी-योगी आम आदमी के उत्थान के लिये लगे हुए हैं। ओडीओपी योजना लाकर जनपद के उत्पाद को विश्व पटल पर ला खड़ा किया है। दिल्ली ट्रेड फेयर में सर्वाधिक भीड़ उत्तर प्रदेश मण्डप में ही देखने को मिली, यह सब मोदी-योगी के कार्याें का ही नतीजा है। ग्लोबल इंवेस्टर्स समिट से पूर्व 15 लाख करोड़ का निवेश प्राप्त होना प्रदेश की अच्छी कानून व्यवस्था को दर्शाता है। आज लोग सम्पूर्ण भारत में प्रदेश के लोग सर उठाकर बता रहे हैं कि वह यूपी के निवासी हैं। उन्होंने स्मार्ट सिटी योजना के माध्यम से संगीतमय, फाउण्टेन युक्त लेजर पार्क बनाये जाने की भी बात कही।


          मा0 जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विजय सिंह ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से हम सभी को एक नई प्रेरणा मिलती है। शहरवासियों के साथ-साथ ग्रामीण अंचलों से आये लोगों को विशेष फायदा होता है। वह मनोरंजन के साथ ही अपनी पसंदीदा और रोजमर्रा की चीजों को आसानी से खरीदते हैं। अलीगढ़ की नुमाइश विविधता में एकता की परिचायक है।


          मा0 एमएलसी चै0 ऋषिपाल सिंह ने प्रदर्शनी की सुन्दर व्यवस्थाओं को सराहते हुए कहा कि मैंने पहली बार नुमाइश का अवलोकन किया है। उन्होंने रामायण पर आधारित लघु नृत्य नाटिका की मुक्तकंठ से सराहना की। उन्होंने कहा कि पूर्व की स्थितियों से आज में परिवर्तन आया है। अलीगढ़ नुमाइश मनोरंजन के साथ ही व्यापारिक और सामाजिक केन्द्र है।


          मण्डलायुक्त नवदीप रिणवा ने कहा कि खराब मौसम के बावजूद मुख्य अतिथियों द्वारा यहां आकर भव्य उद्घाटन करना नुमाइश की गौरवशाली परम्परा एवं इतिहास को दर्शाता है। एक घण्टे का रामायण पर आधारित मंचन सहित अन्य प्रस्तुतियां अत्यंत ही सराहनीय रहीं। अलीगढ़ की नुमाइश के बारे में पहले से ही काफी सुना था आज इसमें सहभागिता करने का सुअवसर प्राप्त हुआ है। अलीगढ़ महोत्सव शहर व जनपदवासियों के लिये महत्वपूर्ण कलैण्डर है। नुमाइश से शहर की अर्थव्यवस्था को बल एवं प्रतिभाओं को मंच प्राप्त होने के साथ ही दर्शकों का स्वस्थ मनोरंजन होता है। उन्होंने जनपदवासियों को विश्वास दिलाया कि जिला एवं पुलिस प्रशासन के उचित प्रबंधन से शान्तिपूर्ण वातावरण में कार्यक्रम आयोजित होंगे और दुकानदारों व व्यापारियों को अच्छा बिजनेस प्राप्त होगा।


          जिलाधिकारी इन्द्र विक्रम सिंह ने नुमाइश के गौरवशाली, गंगा-जमुनी तहजीब की मिशाल कही जाने वाली नुमाइश के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अलीगढ़ नुमाइश का इतिहास अत्यंत ही व्यापक है। यहां विविधता में एकता देखने को मिलती है। 140 वर्ष पुरानी नुमाइश आज आधुनिक स्वरूप में दिख रही है। नुमाइश हर वर्ग को समेटे हुए है, सही मायने में यह छोटे भारत का रूप प्रतीत होती है। उन्होंने कहा कि जी20 की थीम पर आधारित मंच उभरते हुए प्रदेश की तस्वीर है। मा0 मुख्यमंत्री जी द्वारा ओडीओपी योजना में अलीगढ़ को विशिष्ट स्थान प्राप्त हुआ है। अलीगढ़ के ताला एवं हार्डवेयर का उद्योग मा0 मुख्यमंत्री जी के प्रयासों से नई ऊॅचाईयां प्राप्त कर रहा है। उन्होंने मुख्य अतिथि एवं कैबिनेट मंत्री श्री सुरेश कुमार खन्ना का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कई बावजूद उनके द्वारा नुमाइश का उद्घाटन करना जनपद के लिये गौरव की बात है।


          इस अवसर पर एसएसपी कलानिधि नैथानी, मुख्य विकास अधिकारी अंकित खण्डेलवाल, एडीएम डी.पी. पाल, मीनू राणा, अमित कुमार भट्ट एवं सिटी मजिस्ट्रेट चन्द्रशेखर, ज्वांइट मजिस्ट्रेट मृणाली जोशी, सभी एसडीएम एवं तहसीलदार, वरिष्ठ भाजपा नेता ठा0 श्यौराज सिंह, पूर्व महापौर शकुन्तला भारती, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती रामसखी कठेरिया, राजीव अग्रवाल, राजीव शर्मा, वैभव गौतम, रीता राजपूत, धर्मवीर लोधी सहित सामान्य मंत्री एवं तहसीलदार कोल सौरभ यादव व मुख्य प्रदर्शनी सहयक अर्पित शर्मा उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)