जनता से वित्तपोषित, UPI, PhonePe, और PayTM: 9219129243

निर्माण कार्यों पर असंतोष प्रकट कर श्रमिकों की संख्या बढाते हुए निर्माण कार्यों में तेजी लाने के दिये निर्देश

0


*डीएम ने राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय, अटल आवासीय विद्यालय एवं डिफेंस कॉरिडोर के निर्माण कार्यों की समीक्षा की*

*परियोजनाओं को समय पर पूर्ण कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता*

*अटल आवासीय विद्यालय की निर्माण कार्य प्रगति पर जताया संतोष*

अलीगढ़ मीडिया डॉट कॉम, अलीगढ़ 23 फरवरी 2023 (सू0वि0)। डीएम इन्द्र विक्रम सिंह ने गुरुवार को कलक्ट्रेट सभागार में राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्व विद्यालय, अटल आवासीय विद्यालय एवं डिफेंस कॉरिडोर के निर्माण कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि परियोजनाओं को समय पर पूर्ण कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। सभी कार्य मानक व गुणवत्तापूर्ण ढंग से समयबद्धता के साथ पूर्ण किए जाएं, अन्यथा की स्थिति में अनुबंध के अनुसार अर्थदंड या नियमानुसार अन्य कार्रवाई प्रावधानित की जाएगी। 

उन्होंने कहा कि राजा महेन्द्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय में पूर्व से ही कार्य में शिथिलता एवं श्रमिकों के कम संख्या या फिर कुछ अन्य कारणों से इस शीर्ष प्राथमिकता वाली परियोजना सरकार की मंशा के अनुरूप गति नहीं पकड़ पा रही है जोकि अत्यंत ही चिंतनीय है। प्रदेश सरकार की मंशा है कि जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूर्ण हों और लोकार्पण कराते हुए शैक्षणिक कार्य आरम्भ किया जाए। उन्होंने कार्यदायी संस्था को निर्देशित किया कि दिन और रात की शिफ्ट में श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर जल्द से जल्द कार्य पूर्ण कराएं। डीएम ने अधिशासी अभियंता इंद्रपाल सिंह को निर्देशित किया कि माइक्रोप्लान के हिसाब से मॉनिटरिंग करते हुए राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय की कार्ययोजना प्रस्तुत करें।

      अटल आवासीय विद्यालय की समीक्षा में निर्माण कार्य प्रगति पर संतोष जताया गया। अधिशासी अभियंता लोनिवि विश्व बैंक इंद्रपाल सिंह ने बताया कि अटल आवासीय विद्यालय 28 फरवरी के बाद संचालन की स्थिति में होगा। उन्होंने बताया कि वर्तमान में विद्यालय में 78 प्रतिशत कार्य पूर्ण कर लिया गया है। एकेडमिक हाल के साथ ही प्रधानाचार्य आवास एवं शैक्षणिक कार्य के लिए भवन लगभग तैयार है। बैठक में सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित रहे। 

-----

 

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)