जनता से वित्तपोषित, UPI, PhonePe, और PayTM: 9219129243

शेखा झील पर विश्व आद्र दिवस एवं बर्ड फेस्टिवल का किया गया आयोजन

0


*विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स ने किया प्रतिभाग*

अलीगढ़ मीडिया डॉट कॉम,अलीगढ़ 02 फरवरी 2023 (सू0वि0)।  जनपद के प्रमुख पक्षी विहार एवं पर्यटन स्थल शेखा बर्ड सेंचुरी पर विश्व आद्र दिवस 2023 एवं बर्ड फेस्टिवल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती अदिति शर्मा, वन संरक्षक, अलीगढ़ वृत्त द्वारा प्रतिभाग किया गया। जिला विकास अधिकारी भरत कुमार मिश्र ने छात्र-छात्राओं से वार्ता कर पक्षी विहार का भ्रमण किया एवं पक्षियों की विशेषताओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। उनके द्वारा इको विकास के संरक्षण के लिये किए जा रहे प्रयासों की सराहना की गई। इस अवसर पर वन संरक्षक श्रीमती अदिति शर्मा द्वारा शेखा झील पर नए बनाए गए ईको टूरिज्म के स्पाट का भी औपचारिक रूप से उद्घाटन किया। शेखा झील में एक इको टूरिज्म स्पॉट का विकास किया जा रहा है जहां पर स्थानीय नागरिक विशेष रूप से परिवारिक रुप से एकत्र होकर पक्षियों के बारे में विशेष तौर से जानकारी हासिल कर सकते हैं।

कार्यक्रम में संत फिदेलिस सीनियर सेकेंडरी स्कूल, विजडम पब्लिक स्कूल, भारती पब्लिक स्कूल, ज्ञान महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लिया। छात्र-छात्राओं द्वारा शेखा पक्षी विहार में नेचर वॉक एवं पशु पक्षियों की गणना पहचान कार्य में प्रतिभाग किया गया। छात्र-छात्राओं ने नेचर वॉक करने के उपरांत पक्षी विहार में अपने भ्रमण के जो अनुभव थे उनको 200 शब्दों में लिखकर प्रस्तुत किया। संत फिदेलिस सीनियर सेकेंडरी स्कूल की छात्राओं द्वारा शेखा झील विषयक रंगोली बनाई गयी। छात्राओं द्वारा चित्रकला एवं वर्ल्ड स्केचिंग में प्रतिभाग किया गया। कार्यक्रम में श्री हीरालाल 12 सैनी इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने भी प्रतिभाग किया। एनसीसी कैडेट्स के द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर एवं वृक्षारोपण कार्य विशेष रूप से किए गए। पर्यावरणविद् सुबोध नंदन शर्मा द्वारा सुझाव दिया गया कि शेखा झील को साइलेंस जोन के रूप में विकसित किया जाए एवं इसमें पक्षियों के आवास के लिये जामुन के पेड लगाये जाएं। जामुन के पेड़ सड़क एवं पक्षी विहार के मध्य एक साउंड बैरियर का कार्य करेंगे। इस अवसर पर ज्ञानेश शर्मा सदस्य जिला गंगा समिति ने शेखा झील के रखरखाव के ऊपर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए बताया कि हर वर्ष यहां पर पक्षी बढ़ रहे हैं। 

कार्यक्रम में मोहित नागेश सदस्य जिला गंगा समिति, ज्ञानेश मिश्रा अध्यक्ष उड़ान सोसायटी, कैप्टन अरुण सिंह एनसीसी ने विशेष रूप से प्रतिभाग किया। कार्यक्रम में कुमारी शांभवी, कुमारी तेजल ठाकुर विजडम पब्लिक स्कूल, कुमारी रति वार्ष्णेय, राजीव गौतम, प्रथम कुमार, सुमन, कुमारी सुहानी शर्मा ज्ञान महाविद्यालय ने भी अपने विचार रखे। जनपद अलीगढ़ में आज लगभग 20 स्थानों पर बड़े वेटलैंड्स पर पक्षियों की गणना की गई। सांय काल तक जनपद में प्रवासी पक्षियों की संख्या लगभग 40,000 पाई गई जिसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार की जा रही है। गंगा नदी के किनारे विशेष रूप से ब्राह्मी डक, फेलिकन पक्षी पाए गए। श्रीमती अदिति शर्मा वन संरक्षक ने छात्र-छात्राओं से वेटलैंड एवं पक्षियों के संबंध में विस्तृत रूप से वार्ता की एवं सभी छात्र छात्राओं के प्रश्नों एवं उनकी जिज्ञासाओं का विस्तृत रूप से उत्तर दिया। कार्यक्रम के अन्त में दिवाकर कुमार वशिष्ठ प्रभागीय वनाधिकारी अलीगढ ने सभी अतिथियों का धन्यवाद किया।

---

एक टिप्पणी भेजें

0टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें (0)