Header Ads Widget

Responsive Advertisement

श्रीरामलला के स्वागत में आगरा हुआ राममय, जिले भर में निकली श्रीराम शोभायात्रा



अलीगढ मीडिया डॉट कॉम,आगरा 21 जनवरी l मंदिर भव्य बनाया है, सब मिलकर चलो भैया राघव ने बुलाया है। सजा दो घर को गुलशन सा, मेरे प्रभू राम आए हैं। अयोध्या में बाजत बंधाई आदि गीतों से पूरे जिले की हर गली—मौहल्ला गुंजायमान हो उठे हैं। हर गांव की चौखट पर केसरिया ध्वज लहरा रहे हैं। मंदिरों, बाजारों, कॉलोनियों में भव्य सजावट और रंग बिरंगी लाइटें लग गयी हैं। सड़कों पर रंगोलियों आकर्षण बिखेर रहीं हैं। वहीं रामभक्तों की टोलियां भव्य शोभायात्राएं निकल रही हैं। आगरा जिले में रविवार को 150 स्थानों से करीब एक हजार यात्राएं निकाली गयीं। महानगर के प्रत्येक वार्ड और ग्रामीण अंचलों के प्रत्येक मंडल में श्रीराम शोभायात्रा निकाली गयीं और आज अयोध्या जी में होने जा रहे श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव को भव्य बनाने के लिए नागरिकों से आव्हान किया गया।



महानगर में सुबह मालवीय नगर से भव्य श्रीराम शोभायात्रा निकाली गयी। शुभारंभ राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के विभाग प्रचारक आनंदजी ने किया। रामभक्तों को संबोधित करते हुए आनंदजी ने कहा कि राम हमारी प्रेरणा हैं, हमारी पहचान है, हमारी अस्मिता हैं। प्रभु श्रीराम लगभग 500 वर्षों के संघर्ष के पश्चात आज अयोध्याजी में अपने भव्य मंदिर में पुनः विराजमान होने जा रहे हैं। यह हमारे लिए हमेशा के लिए स्मरण रखने वाला प्रसंग है। आनंद जी ने कहा कि धर्म की पुनर्स्थापना के लिए संघर्ष सदैव से होता आया है, कभी-कभी सृजन के लिए यह आवश्यक भी होता है। श्रीराम जन्मभूमि के लिए 76 बार विकट संघर्ष हुआ, इस संघर्ष में भारत के प्रत्येक हिंदू ने सहभागिता की थी। 25 पीढ़ियों के बलिदान, त्याग और समर्पण के प्रतिफल स्वरूप प्राप्त इस भव्य आयोजन की साक्षी वर्तमान की पीढ़ी बनने जा रही है। अयोध्या में केवल राम मंदिर की ही नहीं, अपितु राष्ट्र मंदिर व राष्ट्रीय गौरव की नींव पक्की हो रही है। आनंदजी ने कहा आज हर घर पर दीप जलें, हर घर पर भगवा ध्वज लहराए, रंगोली बने, मंदिरों में जाकर प्रभू का गुणगान करें और 12 बजे अयोध्याजी से प्राण—प्रतिष्ठा महोत्सव अयोजन के सीधे प्रसारण को दखें और सांय दीपदान कर उत्सव मनाएं।



आनंद जी ने कहा कि जिस उत्साह से दो वर्ष पूर्व सकल हिन्दू समाज ने मंदिर निर्माण निधि समर्पण अभियान में हिस्सा लिया, उससे चौगुने उत्साह से प्राण प्रतिष्ठा के उत्सव को भव्य हम बनाएंगे। प्रभू राम के लिए समाज में समर्पण, विश्वास, भक्ति और आत्मीयता आज की पीढ़ी के लिए अनुकरणीय बनें। वर्तमान पीढ़ी को यह स्मरण रखना है कि भगवान राम की कृपा से हमें भारत को विश्व गुरू बनाना है।
शोभायात्रा राजामंडी से शुरू हुई और बेसन बस्ती, लोहामंडी बाजार, तोता का ताल होते हुए ज्वालामाता के मंदिर पर जाकर समाप्त हुई। बाद में प्रसाद का वितरण किया गया। इस दौरान सेवा भारती के संगठनमंत्री सुनील कुमार, विभाग प्रचार प्रमुख मनमोहन निरंकारी, महानगर प्रचारक सचिनजी, पार्षदों में हेमंत प्रजापति, विष्णु कुशवाह, भगवानदास दक्ष आदि क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। वहीं रामेश्वर नगर में महानगर प्रचार ललित कुमार, कैलाश मंदिर से निकली यात्रा में प्रांत विशेष संपर्क प्रमुख अशोक कुलश्रेष्ठ उपस्थित रहे।     

इन स्थानों पर भी निकाली गयी शोभायात्रा
मनमोहन निरंकारी ने बताया कि प्रभू श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर आगरा पूर्वी, पश्चिम, छावनी, फतेहपुरसीकरी, फतेहाबाद, रामबाग जिलों में भव्य शोभायात्राएं निकाली गयीं। लगभग आगरा जिले में रविवार को 150 स्थानों से छोटी—बड़ी करीब एक हजार यात्राएं निकाली गयीं। ग्रामीण अंचलों में सैंया, जगनेर, बाह, किरावली, अछनेरा, आंवलखेड़ा, रामबाग, एत्माद्पुर आदि स्थानों से यात्राएं निकाली गयीं। मनमोहन निरंकारी ने बताया कि आज सोमवार को प्राण—प्रतिष्ठा उत्सव का अयोध्या से सीधा प्रसारण भी 100 से अधिक स्थानों पर बड़ी स्क्रीन पर दिखाया जाएगा। बाकी संगठनों की ओर से अलग व्यवस्थाएं की गयी हैं। शाम को दीपदान, भजन संध्या और भंडारे आदि उत्सव सम्पन्न होंगे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ