बढ़ती मंहगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा और अन्य सवालों तथा मुद्दों पर सरकार को घेरेंगे: अखिलेश

Aligarh Media Desk

अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, लखनऊ| समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने कहा है कि समाजवादी पार्टी के विधायक बजट सत्र में बढ़ती मंहगाई, भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महिलाओं की सुरक्षा और अन्य सवालों तथा मुद्दों पर सरकार को घेरेंगे। श्री अखिलेश यादव ने समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय लखनऊ में विधायकों की बैठक के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि प्रदेश की कानून व्यवस्था ध्वस्त है। कोडीन सिरप के मामले में बड़े पैमाने पर इनके लोग निकल रहे है। अपराधी जेल से भाग रहे हैं। जो भागे है उनका सहयोग करने वाले बड़े-बड़े अधिकारी हैं। अपराधी इसलिए भगाये जा रहे हैं क्योंकि सरकार के दिन अब बहुत कम बचे है। सब अपने-अपने स्थान सेट कर रहे हैं। सुनने में आया कि अपराधी को भगाया गया। स्कार्ट किया गया। सीधे नेपाल पहुंचा दिया गया।  

    श्री अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार ने रियल स्टेट वैल्यू बढ़ा दी है। भाजपा सरकार से जनता को कोई उम्मीद नहीं है। इतने वर्षों में भाजपा ने जनता को निराश किया है। अब तो इस सरकार का आखिरी बजट है। इसमें जनता को कोई उम्मीद नहीं है। भाजपा सरकार को किसी की फिक्र नहीं है। न किसान की फिक्र है और न नौजवान की। अगर सरकार को जनता की फिक्र होती तो क्या मंहगाई इतना बढ़ जाती। क्या सोना इतना ज्यादा मंहगा हो जाता। हर सामान इतना महंगा है कि गरीब परिवार बेटियों की शादी नहीं कर पायेगा। यही स्थिति रही तो लोहे पर पीतल चढ़ाकर पहनना पड़ेगा।

    अमेरिका के साथ ट्रेड डील पर श्री अखिलेश यादव ने कहा कि यह डील नहीं ढील है। इस ट्रेड डील से खेती किसानी पर संकट आयेगा। हमारे किसान, एमएसएमई, कैसे अमेरिका से मुकाबला करेंगे। सरकार किसानों और एमएसएमई की कोई मदद नहीं कर रही है। किसान, छोटे उद्योग, सब बर्बाद हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि कोई बताए की जीरों बड़ा है कि 18 फीसदी। अमेरिका, भारत से जाने वाली चीजों पर 18 फीसदी टैरिफ लगायेगा और वहां से आने वाली चीजों पर जीरो टैरिफ है। भाजपा अभी भी पहाड़ा पढ़ा रही है। भाजपा सरकार ने पूरा बाजार विदेशियों के हाथों में दे दिया है। एनीमल फीड के लिए रास्ता खोल दिया हैं खाने वाला तेल आयेगा।