गैस आपूर्ति पूरी तरह सुचारु, जिले में पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध: डीएम
भ्रामक खबरों पर विराम: जिले में पर्याप्त गैस उपलब्ध, डीएम ने उपभोक्ताओं को दिया भरोसा
अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़ : जिले में गैस आपूर्ति को लेकर भ्रामक खबरों के संबंध में मुख्यमंत्री मीडिया सेल द्वारा संज्ञान लिए जाने के उपरांत जिलाधिकारी संजीव रंजन ने जिला पूर्ति अधिकारी ने कहा है कि एलपीजी गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है और कहीं भी कमी की स्थिति नहीं है।
जिला पूर्ति अधिकारी सत्यवीर सिंह द्वारा उपलब्ध कराए गए आंकड़ों के अनुसार 26 मार्च को जिले के 64 एलपीजी वितरकों के माध्यम से 16,809 गैस बुकिंग दर्ज की गईं, जबकि उपलब्ध स्टॉक 22,154 सिलेंडरों का रहा और 18,007 सिलेंडरों का वितरण किया गया। इसी प्रकार 27 मार्च को 19,069 बुकिंग के सापेक्ष 20,223 सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध रहा और 17,374 सिलेंडरों का वितरण उपभोक्ताओं को किया गया। उन्होंने बताया कि कंपनीवार समीक्षा में भी स्थिति संतोषजनक पाई गई है। इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम एवं भारत पेट्रोलियम के माध्यम से नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है और सभी एजेंसियों पर पर्याप्त मात्रा में गैस सिलेंडर उपलब्ध हैं। यह भी उल्लेखित है कि आयल कंपनियों द्वारा बुकिंग की समयावधि में किए गए आंशिक परिवर्तन के कारण कुछ स्थानों पर भ्रम की स्थिति उत्पन्न हुई, किन्तु आपूर्ति व्यवस्था पूरी तरह व्यवस्थित एवं नियंत्रित है। जिले में कहीं भी गैस सिलेंडरों का संकट नहीं है।
जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि गैस वितरण व्यवस्था पर निरंतर निगरानी बनाए रखें और उपभोक्ताओं को समयबद्ध रूप से गैस उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
जिलाधिकारी संजीव रंजन ने जनपदवासियों से अपील करते हुए कहा कि जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। सभी उपभोक्ताओं को क्रमवार गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना पर ध्यान न दें। उपभोक्ता धैर्य रखें, प्रशासन आपके साथ है और सभी को समय पर गैस उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया है कि गैस आपूर्ति व्यवस्था पूर्णतः सुचारु है और आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी।

