अलीगढ़ में अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं हेतु स्वरोजगार प्रशिक्षण के आवेदन आमंत्रित

Aligarh Media Desk

 


अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़ : जिले में अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को स्वरोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सामूहिक प्रशिक्षण योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 के लिए आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। योजना के तहत अभ्यर्थियों को मेडिकल नर्सिंग ट्रेड में प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।

यह जानकारी देते हुए उपायुक्त उद्योग एस.पी. यादव ने बताया कि प्रशिक्षण में भाग लेने के लिए अभ्यर्थी का न्यूनतम शैक्षिक योग्यता कक्षा 8 उत्तीर्ण होना अनिवार्य है। अभ्यर्थी की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि आवेदन के साथ अभ्यर्थियों को पासपोर्ट आकार का फोटो, जाति प्रमाण पत्र, ओबीसी प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण, बैंक पासबुक की छायाप्रति, शैक्षिक प्रमाण पत्र एवं निवास प्रमाण पत्र संलग्न करना होगा।

प्रशिक्षण उद्यमिता विकास संस्थान, लखनऊ द्वारा संचालित किया जाएगा, जिसकी अवधि चार माह निर्धारित है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक प्रशिक्षार्थी को रुपया 1,250 प्रतिमाह की दर से रुपया 5,000 का प्रशिक्षण भत्ता प्रदान किया जाएगा। साथ ही प्रशिक्षण पूर्ण होने पर टूलकिट भी उपलब्ध कराई जाएगी। इच्छुक अभ्यर्थी विभागीय वेबसाइट diupmsme.upsdc.gov.in एवं MSME पर 21 मार्च से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विस्तृत जानकारी के लिए किसी भी कार्य दिवस में कार्यालय उपायुक्त उद्योग, जिला उद्योग प्रोत्साहन एवं उद्यमिता विकास केन्द्र, औद्योगिक आस्थान, आईटीआई रोड, अलीगढ़ में संपर्क किया जा सकता है।