अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय: कुलपति प्रो. नइमा खातून ने डेंटल कॉलेज में तीन नई सुविधाओं का उद्घाटन किया
अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़ : अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय [AMU] की कुलपति प्रो. नइमा खातून ने शुक्रवार को डॉ. जियाउद्दीन अहमद डेंटल कॉलेज एवं अस्पताल का दौरा किया और तीन नई सुविधाओं का उद्घाटन किया।
विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार इन नई सुविधाओं का उद्देश्य AMU डेंटल कॉलेज की शैक्षणिक, चिकित्सीय और छात्र सहायता व्यवस्था को मजबूत करना है।
क्या-क्या शुरू हुआ?
नई सुविधाओं में कॉलेज की नई कैंटीन और दो विभागों के अत्याधुनिक स्नातकोत्तर क्लीनिक शामिल हैं -
1. ओरल मेडिसिन एंड रेडियोलॉजी विभाग का पीजी क्लीनिक 2. पब्लिक हेल्थ डेंटिस्ट्री विभाग का पीजी क्लीनिक
इन क्लीनिकों के शुरू होने से BDS और MDS छात्रों को बेहतर क्लीनिकल ट्रेनिंग मिलेगी और मरीजों को बेहतर दंत चिकित्सा सुविधा मिल सकेगी। नई कैंटीन से छात्रों और शिक्षकों को परिसर में ही पौष्टिक भोजन की सुविधा मिलेगी।
कुलपति ने क्या कहा?
इस अवसर पर प्रो. नइमा खातून ने कहा कि डेंटल कॉलेज में सुविधाओं का विस्तार छात्रों और शिक्षकों के लिए बेहतर शैक्षणिक माहौल बनाने की AMU की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, शोध और रोगी देखभाल के लिए मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर जरूरी है।
प्राचार्य ने जताया आभार
डॉ. जियाउद्दीन अहमद डेंटल कॉलेज के प्राचार्य प्रो. एन. डी. गुप्ता ने कुलपति का आभार जताते हुए कहा कि इन सुविधाओं से कॉलेज का शैक्षणिक और चिकित्सीय वातावरण और सशक्त होगा। उन्होंने बताया कि इंडिया टुडे-MDRA रैंकिंग 2026 में AMU के डेंटल कॉलेज को देश के टॉप 10 डेंटल कॉलेजों में जगह मिली है।
इस कार्यक्रम में सह-कुलपति प्रो. मोहम्मद मोहसिन खान, मेडिसिन फैकल्टी के डीन प्रो. मोहम्मद खालिद, DSW प्रो. मोहम्मद अतहर अंसारी, वित्त अधिकारी नूरुस्सलाम समेत भवन विभाग और डेंटल कॉलेज के सभी विभागाध्यक्ष मौजूद रहे।

