श्वान की मृत्यु पर प्रधान ने कराया भंडारा, गीता के ‘समदर्शी’ भाव का दिया संदेश
अतरौली। क्षेत्र के ग्राम जखैरा की मौजूदा ग्राम प्रधान श्रीमती रानी देवी पत्नी खेम सिंह ने मानवता और जीवों के प्रति संवेदना की अनूठी मिसाल पेश की। रामघाट गंगा तट पर एक श्वान के निधन के बाद उन्होंने श्रद्धापूर्वक भंडारे का आयोजन कराया।
इस अवसर पर उन्होंने भगवद्गीता के श्लोक “विद्याविनयसम्पन्ने ब्राह्मणे गवि हस्तिनि। शुनि चैव श्वपाके च पण्डिताः समदर्शिनः॥” के माध्यम से सभी जीवों में समान आत्मतत्व होने का संदेश दिया। प्रधान रानी देवी ने कहा कि सनातन परंपरा में प्रत्येक जीव के प्रति करुणा और सम्मान का भाव महत्वपूर्ण है। शरीर अलग-अलग हो सकते हैं, लेकिन आत्मा का तत्व समान माना गया है।
रामघाट गंगा तट पर आयोजित भंडारे में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। इस पहल की क्षेत्र में चर्चा रही और लोगों ने इसे जीवों के प्रति संवेदनशीलता तथा धार्मिक भावनाओं से जुड़ी पहल बताया।
केपी सिंह मिस्त्री, जिला पंचायत सदस्य वार्ड नंबर-6, ने भी इस अवसर पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि सभी जीवों के प्रति दया और करुणा का भाव समाज को बेहतर दिशा देता है। उन्होंने प्रधान रानी देवी की पहल की सराहना की।
