अलीगढ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़। शिक्षक दिवस के पावन अवसर पर शनिवार, 05 सितंबर 2026 को अलीगढ़ में शिक्षा और सम्मान का अद्भुत संगम देखने को मिला। श्री कल्याण सिंह हैबीटेट सेंटर में जनपद स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें जिले भर से आए लगभग 200 उत्कृष्ट शिक्षकों को शॉल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के राजस्व राज्य मंत्री श्री सुरेन्द्र दिलेर रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक केवल नौकरी नहीं करता, वह राष्ट्र का निर्माण करता है। उन्होंने कहा, "प्रदेश के सरकारी विद्यालयों में पिछले कुछ वर्षों में अभूतपूर्व सुधार हुआ है। आज हमारे परिषदीय स्कूल बेहतर स्थिति में हैं। सरकार शिक्षकों को उनका पुराना गौरव और सम्मान वापस दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है, क्योंकि शिक्षक के सम्मान से ही समाज सशक्त और मजबूत होता है।"
तकनीक के साथ संस्कारयुक्त शिक्षा जरूरी - एमएलसी मानवेंद्र प्रताप सिंह
समारोह के विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह 'गुरुजी' ने शिक्षकों के योगदान को नमन किया। उन्होंने कहा कि आज के तकनीकी युग में केवल किताबी ज्ञान देना काफी नहीं है। बच्चों को तकनीक के साथ-साथ संस्कारयुक्त शिक्षा देना भी उतनी ही जरूरी है। शिक्षकों द्वारा शिक्षित बच्चे ही कल के सशक्त नागरिक बनेंगे और देश का भविष्य तय करेंगे, यही सरकार की मंशा है।
कार्यक्रम में मौजूद एमएलसी चौधरी ऋषिपाल सिंह ने अपने बचपन के प्राथमिक विद्यालय के गुरुओं को याद करते हुए भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि यदि मैकाले ने भारतीय शिक्षा पद्धति को अंग्रेजियत में न ढाला होता तो भारत पहले से ही विश्व गुरु था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार शिक्षा व्यवस्था को फिर से विश्वस्तरीय बनाने और शिक्षकों के सम्मान को बहाल करने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विजय सिंह ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि जिला पंचायत हमेशा शिक्षकों के हितों के लिए उनके साथ खड़ी है।
अतरौली के बहरावद को मिला गौरव: प्रधानाध्यापक अमर सिंह को राज्य अध्यापक पुरस्कार
इस समारोह का सबसे गौरवशाली क्षण रहा जब अलीगढ़ के अतरौली विकासखंड का नाम प्रदेश स्तर पर रोशन हुआ। विकासखंड अतरौली के कंपोजिट स्कूल बहरावद में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात श्री अमर सिंह को इस वर्ष प्रतिष्ठित राज्य अध्यापक पुरस्कार के लिए चयनित किया गया है।
एसआरजी संजीव शर्मा ने जानकारी दी कि इस वर्ष उत्तर प्रदेश के 61 जिलों के परिषदीय शिक्षकों को राज्य अध्यापक पुरस्कार से नवाजा जा रहा है। गोरखपुर स्थित योगीराज बाबा गंभीरनाथ प्रेक्षागृह से मुख्यमंत्री द्वारा आयोजित राज्य स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह का सीधा प्रसारण भी अलीगढ़ के हैबीटेट सेंटर में दिखाया गया। अमर सिंह के चयन से पूरे अतरौली क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।
कौन-कौन रहा मौजूद?
इस अवसर पर एमएलसी एवं एएमयू के पूर्व कुलपति तारिक मंसूर, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णपाल सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि एवं ब्रज प्रांत उपाध्यक्ष प्रवीण राज सिंह, मुख्य विकास अधिकारी योगेन्द्र कुमार सिंह, एडी बेसिक डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय, बीएसए आलोक कुमार सिंह सहित शिक्षा विभाग के तमाम अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।
सभी 200 शिक्षकों को जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों द्वारा संयुक्त रूप से सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के अंत में बीएसए आलोक कुमार सिंह ने सभी अतिथियों और शिक्षकों का आभार व्यक्त किया। समारोह को सफल बनाने में जिला समन्वयक अवनीश कुमार, मनोज शर्मा, राधिका, सत्येंद्र दीक्षित, एसआरजी संजीव शर्मा, अनिल राघव, अनुज कुमारी, पीटीआई सतीश सिंह, तन्मय, अनुराग, एआरपी विजय प्रकाश, अशोक कुमार, निपुण सेल से आयुषी, मो. फैजान और जय चोरड़िया का विशेष सहयोग रहा।
यह सम्मान समारोह न सिर्फ शिक्षकों का हौसला बढ़ाने वाला था, बल्कि यह संदेश भी दे गया कि अलीगढ़ में शिक्षा की गुणवत्ता और शिक्षकों का सम्मान दोनों ही सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता में हैं।

