सहनौल में कबड्डी टूर्नामेंट का शानदार समापन, विजेता टीमों को किया पुरस्कृत
अलीगढ मीडिया डिजिटल, सहनौल/अतरौली । गांव सहनौल में समस्त ग्रामवासियों के सहयोग से कई दिनों से चल रहे कबड्डी टूर्नामेंट का सोमवार, 14 सितंबर 2026 को शानदार ढंग से समापन हुआ। प्रतियोगिता में विभिन्न टीमों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और खिलाड़ियों ने खेल भावना का परिचय देते हुए शानदार प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में शिकारगढ़ी की टीम ने प्रथम, उस्मानपुर की टीम ने द्वितीय तथा बड़ौली की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। विजेता टीमों को ग्रामवासियों एवं आयोजकों ने शुभकामनाएं देते हुए पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
पुरस्कार वितरण कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. सुधीर कुमार राजपूत, ग्राम प्रधान हरिशंकर, डॉ. महावीर सिंह, क्रांति सिंह अध्यापक, जिला पंचायत सदस्य पद प्रत्याशी वार्ड नंबर-6 पंकज मिश्रा, पं. जगदीश नेताजी, अमित कुमार, प्रताप सिंह, रामवीर सिंह, सुखवीर सिंह, यशपाल सिंह, डॉ. छोटेलाल एवं डॉ. गजेंद्र सिंह सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
इस अवसर पर गांव के सभी सम्मानित नागरिक एवं कार्यकर्ता बंधु उपस्थित रहे। आयोजकों ने टूर्नामेंट को सफल बनाने में सहयोग देने वाले समस्त ग्रामवासियों का आभार व्यक्त किया।
ग्राम सहनौल में आयोजित इस खेल प्रतियोगिता ने युवाओं में खेल भावना, आपसी भाईचारे और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा को बढ़ावा देने का संदेश दिया।
