मान्यता प्राप्त पत्रकारों और उनके आश्रितों को मिलेगी कैशलेस चिकित्सा सुविधा

Chanchal Varma

 


आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए पोर्टल गो-लाइव करने की सहमति, एक सप्ताह में विवरण अपलोड करने के निर्देश

अलीगढ़ मीडिया डिजिटल, अलीगढ़: आयुष्मान भारत-प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना के अंतर्गत मान्यता प्राप्त पत्रकारों एवं उनके आश्रितों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की गई है। सूचना निदेशक विशाल सिंह की अध्यक्षता में सूचना निदेशालय के सभागार में आयोजित बैठक में पत्रकारों के आयुष्मान कार्ड बनाने के लिए विकसित पोर्टल को गो-लाइव करने की सहमति प्रदान की गई।

बैठक में स्टेट हेल्थ एजेंसी के अधिकारियों ने पोर्टल की कार्यप्रणाली का प्रस्तुतिकरण करते हुए आवेदन, सत्यापन, आयुष्मान कार्ड जारी करने और डाउनलोड करने की प्रक्रिया का लाइव डेमो दिया। प्रशिक्षण में मुख्यालय एवं प्रदेश के समस्त जिला सूचना कार्यालयों के अधिकारियों और कर्मचारियों ने प्रतिभाग किया।

सूचना निदेशक ने सभी जनपदीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन मान्यता प्राप्त पत्रकारों एवं उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनका विवरण एक सप्ताह के भीतर सभी औपचारिकताएं पूर्ण करते हुए पोर्टल पर अपलोड कराना सुनिश्चित करें। इसकी सूचना मुख्यालय को भी उपलब्ध कराएं, ताकि आगे की कार्यवाही शीघ्र पूरी की जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।


जिले में सभी पात्रों के बने आयुष्मान कार्ड

सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार ने बताया कि जिले में 23 मान्यता प्राप्त पत्रकार हैं। इनमें लगभग सभी पत्रकारों एवं उनके आश्रितों के आयुष्मान कार्ड बनवाए जा चुके हैं। यदि किसी मान्यता प्राप्त पत्रकार या उनके आश्रित का कार्ड अभी तक नहीं बन पाया है, तो वे जिला सूचना कार्यालय से लिखित में संपर्क कर सकते हैं, ताकि आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर कार्ड बनवाने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके। सहायक निदेशक सूचना ने कहा है कि इस पहल से पात्र मान्यता प्राप्त पत्रकारों एवं उनके आश्रितों को कैशलेस उपचार की सुविधा प्राप्त करने में सहूलियत मिलेगी।